Share Market Rise: सेंसेक्स 571 अंक उछला, निफ्टी ​24,220 के पार

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 10:11 AM (IST)

मुंबईः सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में लिवाली के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 571.58 अंक चढ़कर 77,758.45 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 154.40 अंक की बढ़त के साथ 24,226.90 अंक पर कारोबार कर रहा है।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टेक महिंद्रा का शेयर तीन प्रतिशत चढ़ गया। इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी बढ़त में रहे। वहीं, सन फार्मा, भारती एयरटेल, ट्रेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर नुकसान में रहे। बीएसई का आईटी सूचकांक 1.25 प्रतिशत बढ़कर 28,189.45 पर कारोबार कर रहा था।

एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.95 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। 

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 4,205.56 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 पर जबकि निफ्टी 5.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत फिसलकर 24,072.75 पर बंद हुआ था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News