FY22 में बढ़ सकता है चालू खाते का घाटा, 1.9% रहने का अनुमान

punjabkesari.in Friday, Dec 03, 2021 - 11:56 AM (IST)

मुंबईः विदेशी ब्रोकरेज कंपनी बार्कलेज ने भारत के लिए 2021-22 में चालू खाते के घाटे (सीएडी) के अनुमान को बढ़ाकर 60 अरब अमेरिकी डॉलर कर दिया है, जो सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 1.9 प्रतिशत है। देश में नवंबर के दौरान व्यापार घाटे के रिकॉर्ड 23.27 अरब डॉलर पर पहुंचने के बीच यह अनुमान बढ़ाया गया है। इससे पहले, बार्कलेज ने पहले चालू वित्त वर्ष के लिए 45 अरब डॉलर के सीएडी का अनुमान जताया था। बुधवार को जारी सरकारी आंकड़े के अनुसार नवंबर, 2021 के दौरान निर्यात सालाना आधार पर 26.5 फीसदी बढ़कर 29.88 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। 

वहीं आयात भी 57.2 प्रतिशत बढ़कर 53.15 अरब डॉलर पर पहुंच गया जिससे व्यापार घाटा 23.27 अरब डॉलर हो गया है। बार्कलेज की रिपोर्ट के अनुसार देश का आयात और निर्यात के बीच अंतर यानी व्यापार घाटा बढ़ रहा है और अस्थिर बना हुआ है। ऐसा कमजोर निर्यात और घरेलू गतिविधियों में वृद्धि तथा जिंसों की ऊंची कीमतें के कारण हो रहा है। वही कच्चे तेल की कीमतों में हालिया सुधार से घाटे की प्रवृत्ति को हल्का समर्थन मिल सकता है। 

औसत आधार पर स्थायी व्यापारिक घाटा प्रति माह लगभग 16 से 17 अरब डॉलर का है, जिससे सीएडी दो प्रतिशत के करीब रह सकता है। रिपोर्ट में कहा गया कि वर्तमान स्थिति के आधार सीएडी सालाना आधार पर तीन फीसदी के करीब चल रहा है। छोटी अवधि में कुछ कटौती को ध्यान में रखते हुए हम अपने सीएडी पूर्वानुमान को बढ़ाकर 60 अरब डॉलर कर रहे हैं। यह जीडीपी का 1.9 प्रतिशत है। पहले यह अनुमान 45 अरब डॉलर का था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News