बजट, कंपनियों के नतीजों पर निर्भर करेगी इस साल शेयर बाजारों की रफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jan 03, 2018 - 05:54 PM (IST)

नई दिल्लीः शेयर बाजारों की दिशा नए साल 2018 में फरवरी में पेश होने वाले आम बजट, कंपनियों के नतीजों, 8 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के परिणामों, मानसून की स्थिति और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगी। अरिहंत कैपिटल मार्केट्स की पूर्णकालिक निदेशक अनीता गांधी ने कहा, ‘‘यदि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिंसों के दाम, वैश्विक नीतियां और ब्याज दरें स्थिर रहती हैं, तो हम इस सकारात्मक रुख को आगे भी जारी देख सकते हैं। इन सब मोर्चों पर किसी तरह का बड़ा बदलाव आने पर आगे चलकर बाजार की दिशा प्रभावित हो सकती है।’’

बीते साल सैंसेक्स 7,430.37 अंक या 27.91 प्रतिशत चढ़ा है। 27 दिसंबर को 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 34,137.97 अंक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था।   एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा अनुसंधान प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘‘वर्ष 2018 में मार्च-अप्रैल में कर्नाटक के चुनाव हैं। उसी दौरान तीन अन्य राज्यों में भी चुनाव होगा। बजट 2018-19 एक फरवरी को पेश किया जाएगा। बजट से भी चुनाव की दिशा प्रभावित होगी हालांकि, आर्थिक वृद्धि-सुधार तथा रोजगार वृद्धि पर पहले से सभी की निगाह है।’’ उन्होंने कहा कि समय पर और सभी स्थानों पर ठीक ठाक मानसून से ग्रामीण क्षेत्र की संपदा बढ़ेगी। इससे उपभोग और जीडीपी की वृद्धि पर भी असर पड़ेगा।  

सेंट्रम ब्रोकिंग लि.की शोध विश्लेषक -संपदा अनुसंधान पायल पांड्या ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि बीएसई सेंसेक्स 34,500 अंक और निफ्टी 10,800 अंक पर पहुंच सकता है। इसके अलावा सरकार द्वारा स्वच्छ ऊर्जा, सस्ते आवास तथा संबद्ध क्षेत्रों पर सरकार के जोर से भी बाजार को दिशा मिलेगी।’’   
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News