4 मई के बाद सबसे बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1600 पॉइंट टूटा

punjabkesari.in Monday, Dec 21, 2020 - 03:32 PM (IST)

मुंबईः शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट दिखी। BSE सेंसेक्स दोपहर में 1600 अंकों की गिरावट के साथ 45,347 अंक पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले 4 मई को सेंसेक्स 2002 अंक टूटकर बंद हुआ था। इंडेक्स 32,748 अंकों पर खुलकर 31,715 अंकों पर बंद हुआ था। दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 4% से ज्यादा टूटा। सुबह यह 2% ऊपर था। शुक्रवार को BSE का टोटल मार्केट कैप 185 लाख करोड़ रुपए था, जो आज 6 लाख करोड़ रुपए घटकर 179 लाख करोड़ रुपए पर आ गया।

दोपहर के बाद अचानक बाजार में गिरावट शुरू हो गई। बाजार की ऐतिहासिक तेजी में निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू कर दी है। वैश्विक स्तर पर कुछ देशों में लॉकडाउन और कोरोना के मामले बढ़ने से बाजार पर असर देखा जा रहा है।

इंडेक्स में गिरावट को RIL, बजाज, इंडसइंड बैंक, HDFC और SBI, M&M के शेयर लीड कर रहे हैं। BSE में कुल 3,089 शेयरों में कारोबार हो रहा है। इसमें 2,024 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। यानी 65% शेयरों में गिरावट है। BSE में जेट एयरवेज के शेयर में लोअर सर्किट लगा। शेयर 5% नीचे 105.95 रुपए के भाव पर पहुंच गया है।

दूसरी ओर, निफ्टी 227.45 अंक नीचे 13,533.10 पर कारोबार कर रहा है। बाजार में निफ्टी बैंक इंडेक्स 801 अंक नीचे 29,913 पर कारोबार कर रहा है। इसमें फैडरल बैंक का शेयर 6% नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं, IT सेक्टर में तेजी है। इसके अलावा निफ्टी मेटल इंडेक्स 3% नीचे कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में हिंदुस्तान कॉपर का शेयर 7% से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। सुबह BSE सेंसेक्स 28.51 अंक नीचे 46,932.18 पर और निफ्टी 18.65 अंक नीचे 13,741.90 पर खुला था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News