अमेरिका की GDP में आ सकती है इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट, पहली तिमाही में ऐसा रहा हाल

punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2020 - 12:16 PM (IST)

वाशिंगटन: कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था तबाह हो गई है। इस बीच अमेरिका की अर्थव्यवस्था में पहली तिमाही के दौरान पांच प्रतिशत की गिरावट आई है। कोरोना वायरस महामारी के कारण दूसरी तिमाही में अमेरिका की जीडीपी में और ज्यादा गिरावट होने की आशंका है।

इस संदर्भ में अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में गिरावट एक महीने पहले किए गए अनुमान के अनुकूल है। यह वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान 2008 की चौथी तिमाही में आई गिरावट के बाद अमेरिका की जीडीपी में किसी भी तिमाही में आई सबसे बड़ी गिरावट है।  

अप्रैल-जून की अवधि में 30% गिरावट की आशंका
वर्ष 2008 की चौथी तिमाही में अमेरिका की जीडीपी में 8.4 फीसदी की गिरावट आई थी। यह गौर करने वाली बात है कि मार्च तिमाही के आंकड़ों में कोरोना वायरस महामारी के कारण लागू लॉकडाउन से प्रभावित महज दो सप्ताह ही शामिल हैं। ऐसे में अर्थशास्त्रियों को दूसरी तिमाही यानी अप्रैल-जून की अवधि में पहली तिमाही की तुलना में काफी अधिक लगभग 30 फीसदी गिरावट की आशंका है। 

अमेरिका की GDP में आ सकती है सबसे बड़ी गिरावट 
यदि जून तिमाही में जीडीपी में गिरावट आशंकाओं के अनुकूल 30 फीसदी के आस-पास रही, तो यह अब तक के इतिहास में अमेरिका की जीडीपी में किसी भी तिमाही में आई सबसे बड़ी गिरावट होगी। इससे पहले 1958 की पहली तिमाही में 10 फीसदी की गिरावट आई थी, जो अभी तक अमेरिका की जीडीपी में किसी एक तिमाही की सबसे बड़ी गिरावट है। 

हालांकि, विश्लेषकों का मानना है कि जून तिमाही के बाद अर्थव्यवस्था तेजी से वापसी करेगी। कांग्रेस के बजट कार्यालय को जुलाई-सितंबर तिमाही में 21.5 फीसदी और इसके बाद चौथी तिमाही में 10.4 फीसदी की दर से वृद्धि का अनुमान है। यह रिपोर्ट पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों पर सरकार की तीसरी और अंतिम रिपोर्ट है।

128 महीनों की वृद्धि के बाद आई गिरावट
अर्थशास्त्रियों की एक समिति का मानना है कि फरवरी महीने से अमेरिका की जीडीपी में गिरावट आने लगी है। यह अमेरिका के इतिहास में लगातार रिकॉर्ड 128 महीनों की वृद्धि के बाद आई गिरावट है। वित्तीय संकट के बाद अमेरिका की अर्थव्यवस्था ने जून 2009 में वापसी की थी और रिकॉर्ड 128 महीने तक अमेरिका की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News