IndiGo Fuel Charge: फेस्टिव सीजन में महंगा होगा हवाई सफर, IndiGo ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज, जानें कब से लागू
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 12:57 PM (IST)
नई दिल्लीः फेस्टिव सीजन में हवाई यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए टिकट का खर्च बढ़ सकता है। देश की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नए चार्ज 6 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे के बाद की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू होंगे।
एयरलाइन के इस फैसले का सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो निर्धारित समय के बाद अपनी फ्लाइट टिकट बुक करेंगे। फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी का फैसला जेट फ्यूल यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच लिया गया है।
दूरी के हिसाब से बढ़ेगा चार्ज
घरेलू उड़ानों में फ्यूल सरचार्ज यात्रा की दूरी के आधार पर तय किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त चार्ज देना होगा। घरेलू उड़ानों के लिए इसमें करीब 100 रुपए से 350 रुपए तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है।
हालांकि, कुछ रूट और किराया श्रेणियों में कुल बढ़ोतरी इससे अधिक भी हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो ने घरेलू उड़ानों के फ्यूल सरचार्ज में करीब 375 रुपए से लेकर 1,300 रुपए तक की बढ़ोतरी की है।
यात्रियों के बजट पर पड़ेगा असर
फेस्टिव सीजन में आमतौर पर फ्लाइट टिकट की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में फ्यूल सरचार्ज में इजाफा यात्रियों के कुल यात्रा खर्च को और बढ़ा सकता है। खासकर लंबी दूरी की उड़ानों में अतिरिक्त शुल्क का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
