हवाई परिवहन क्षेत्र को होगा 84 अरब डॉलर का नुकसान: आयटा

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2020 - 02:59 PM (IST)

जिनेवाः कोविड-19 के मद्देनजर विभिन्न देशों द्वारा विमानन क्षेत्र पर जारी प्रतिबंधों के कारण हवाई परिवहन क्षेत्र को इस साल 84 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान और राजस्व में 419 अरब डॉलर की गिरावट की आशंका है। अंतररष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में यह बात कही गई है। इसमें कहा गया है कि हवाई परिवहन क्षेत्र का राजस्व इस साल घटकर आधा रह जाएगा। पिछले साल यह 838 अरब डॉलर रहा था। वर्ष 2020 में इसके 419 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। 

प्रतिदिन होगा 23 करोड़ डॉलर का नुकसान
रिपोर्ट में कहा गया है कि राजस्व में बड़ी गिरावट के कारण हर दिन विमानन उद्योग को औसतन 23 करोड़ डॉलर का नुकसान होगा। पूरे साल के दौरान 84.3 अरब डॉलर के नुकसान की आशंका है जो 20.1 प्रतिशत के बराबर होगा। आयटा ने वर्ष 2021 में राजस्व 598 अरब डॉलर और नुकसान 15.8 अरब डॉलर रहने का अनुमान जाहिर किया है। 

आयटा के महानिदेशक एलेक्जेंडर डी जुनाइक ने कहा, ‘‘वित्तीय स्थिति के आधार पर वर्ष 2020 विमानन के इतिहास में सबसे बुरा साल साबित होगा। हर दिन इस उद्योग को औसतन 23 करोड़ डॉलर का नुकसान होगा। कुल मिलाकर 84.3 अरब डॉलर का नुकसान होगा। इस साल यात्रियों की संख्या 2.2 अरब रहने का अनुमान है और इस प्रकार प्रति यात्री विमान सेवा कंपनियों को 37.54 डॉलर का नुकसान होगा। इसे देखते हुए सरकारों की तरफ से उन्हें वित्तीय मदद मिलनी जरूरी है।'' 

यात्रियों की संख्या भी घटेगी
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल अप्रैल में एक साल पहले के मुकाबले हवाई यात्री यातायात 95 प्रतिशत घट गया था। हालांकि अब धीरे-धीरे इसमें सुधार हो रहा है लेकिन इसके बावजूद पूरे साल में राजस्व यात्री किलोमीटर की इकाई में यातायात 2019 की तुलना में 54.7 फीसदी कम रहने की आशंका है। यात्रियों की शुद्ध संख्या भी घटकर 2.25 अरब पर लगभग आधी रह जाएगी। यह 2006 के स्तर के बराबर होगा। यात्रियों की संख्या में गिरावट के कारण विमान सेवा कंपनियों को यात्री किराए के रूप में प्राप्त होने वाले राजस्व में 60 प्रतिशत कमी की आशंका है। 

आयटा के अनुसार, इस साल यह आंकड़ा घटकर 241 अरब डॉलर रह जाएगा। पिछले साल एयरलाइंस को यात्री किराए से 612 अरब डॉलर की कमाई हुई थी। यात्रियों को लुभाने के चक्कर में विमान सेवा कंपनियों के किराया कम करने की उम्मीद है। इससे इस वर्ष प्रति यात्री कमाई 18 प्रतिशत कम होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News