हिमाचल में अडानी ग्रुप ने कम किए सेब के दाम, किसान परेशान

punjabkesari.in Sunday, Aug 29, 2021 - 04:12 PM (IST)

शिमलाः सेब खरीद करने हिमाचल आई अडानी एग्री फ्रेश कंपनी ने बागवानों को झटका दिया है। कंपनी ने जो रेट तय किए हैं, उन्हें सुनकर बागवान नाराज हैं। बीते साल के मुकाबले इस बार प्रतिकिलो के हिसाब से 16 रुपए कम रेट तय किए हैं। कंपनी ने मंगलवार को सेब खरीद मूल्य सार्वजनिक कर दिए। कंपनी अस्सी से 100 फीसदी रंग वाला एक्स्ट्रा लार्ज सेब 52 रुपए प्रति किलो जबकि लार्ज, मीडियम और स्मॉल सेब 72 रुपए प्रति किलो की दर पर खरीदेगी।

बीते साल एक्स्ट्रा लार्ज सेब 68 जबकि लार्ज, मीडियम और स्मॉल सेब 88 रुपए प्रति किलो निर्धारित किया गया था। मंडियों के बाद अडानी के रेट भी कम होने से बागवान नाराज हैं। इस सीजन में 60 से 80 फीसदी रंग वाला एक्स्ट्रा लार्ज सेब 37 रुपए किलो जबकि की लार्ज, मीडियम और स्मॉल आकार का सेब 57 रुपए प्रति किलो की कीमत पर खरीदा जाएगा। 60 फीसदी से कम रंग वाले सेब की खरीद 15 रुपए प्रति किलो की कीमत पर होगी। पिछले साल ऐसा सेब 20 रुपए किलो खरीदा गया था।

अडानी कंपनी के लिए बागवानों को अपना सेब क्रेटों में अडानी के कलेक्शन सेंटर तक लाना होगा। कंपनी ने 26 से 29 अगस्त तक के लिए यह रेट जारी किए हैं। 29 अगस्त के बाद रेट में बदलाव किया जाएगा। अडानी के ठियोग के सैंज, रोहड़ू के मेहंदली और रामपुर के बिथल में कलेक्शन सेंटर हैं। अडानी एग्री फ्रेश के टर्मिनल मैनेजर पंकज मिश्रा ने बताया कि मंडियों के मुकाबले अडानी ने अच्छे रेट खोले हैं। मार्केट का फीडबैक लेने के बाद ही रेट तय किए गए हैं। 29 अगस्त के बाद मार्केट की स्थिति के अनुसार भी रेट में बदलाव किया जाएगा।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News