462 इंफ्रा परियोजनाओं में 4.38 लाख करोड़ रुपए लागत बढ़ी

punjabkesari.in Sunday, May 02, 2021 - 03:24 PM (IST)

नई दिल्लीः देश में ढांचागत क्षेत्र की 462 परियोजनाओं में उनकी लागत तय अनुमान के मुकाबले 4.36 लाख करोड़ रुपए तक बढ़ गई है। एक रिपोर्ट में यह बताया गया है। सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय 150 करोड़ रुपए और उससे अधिक मूल्य की ढांचागत क्षेत्र की परियोजनाओं की निगरानी करता है। इस प्रकार की कुल 1,737 परियोजनाओं में से 462 में लागत बढ़ गई है और 557 परियोजनाओं में देरी चल रही है। 

मंत्रालय की मार्च 2021 की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘इन कुल 1,737 परियोजनाओं की क्रियान्वयन की मूल लागत 22,33,409.53 करोड़ रुपए थी और उनको पूरा करने की कुल संभावित लागत 26,69,649.35 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। इससे इन परियोजनाओं की कुल लागत में 4,36,239.82 करोड़ रुपए की संभावित वृद्धि हो गई। यह उनके लिए रखी गई वास्तविक लागत के मुकाबले 19.53 प्रतिशत अधिक है।'' 

रिपोर्ट के मुताबिक इन 462 परियोजनाओं के लिए लागत वृद्धि 4,36,239.82 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। इन परियोजनाओं पर व्यय मार्च 2021 तक 13,06,617.54 करोड़ रुपए तक पहुंच गया जो कि इन परियोजनाओं के लिए तय लागत का 48.94 प्रतिशत है। हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि देरी से चलने वाली परियोजनाओं की संख्या कम होकर 412 रह गई है। इनके पूरा होने के लिए तय समयसारिणी के मुताबिक इसका आकलन किया गया है। इसके अलावा 938 परियोजनाओं के लिए न तो उनके चालू होने का वर्ष इसमें बताया गया है और न ही काम में लगने वाला समय इसमें बताया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News