20 लाख करोड़ आर्थिक पैकेज ने बाजार में भरा जोश, सेंसेक्स में 1470 अंकों की बढ़त

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2020 - 10:09 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः 20 लाख करोड़ रुपए  के आर्थिक पैकेज ने बाजार में जोश भर दिया है। बुधवार को बाजार बढ़त के साथ खुला। सेंसेक्स 1470.75 अंक ऊपर और निफ्टी 387.65 अंक ऊपर कारोबार कर रहा था। इससे पहले मंगलवार को बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। कल सुबह सेंसेक्स 218.29 अंक नीचे और निफ्टी 70.35 पॉइंट नीचे खुला था। दिनभर की ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स फिसलकर 716.56 अंक तक नीचे चला गया था। 

दिग्गज शेयरों के साथ ही मिडकैप शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 3.10 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी नजर आ रही है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 2.27  फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। तेल-गैस शेयरों में भी आज तेजी नजर आ रही है। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।

20 लाख करोड़ रुपए के पैकेज का ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को 54 दिन में पांचवीं बार देश के सामने आए। अपने संबोधन में उन्होंने चार अहम बातें कहीं। 
पहली- देश को आत्मनिर्भर बनना होगा।
दूसरी- आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज दिया जाएगा। तीसरी- आत्मनिर्भर बनने की राह में हमें लोकल प्रोडक्ट्स को अपनाना होगा। 
चौथी- लॉकडाउन का चौथा फेज आएगा, पर यह नए रंग-रूप और नए नियमों वाला होगा।

लॉकडाउन के दौर में भारत दुनिया का पांचवां ऐसा देश बन गया है, जिसने अपनी जीडीपी का 10% या उससे ज्यादा हिस्सा आर्थिक पैकेज के तौर पर दिया है। भारत से पहले जापान अपनी जीडीपी का 21%, अमेरिका 13%, स्वीडन 12% और जर्मनी 10.7% के बराबर का आर्थिक पैकेज घोषित कर चुके हैं।

अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद
मंगलवार को दुनियाभर के ज्यादातर बाजारों में गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 1.89 फीसदी की गिरावट के साथ 457.21 अंक नीचे 23,764.80 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 2.06 फीसदी गिरावट के साथ 189.79 अंक नीचे 9,002.55 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 2.05 फीसदी गिरावट के साथ 60.20 पॉइंट नीचे 2,870.12 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोसिट 0.18 फीसदी गिरावट के साथ 5.26 अंक नीचे 2,886.30 पर बंद हुआ था। इधर फ्रांस, जर्मनी के बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए, लेकिन इटली के बाजार में बढ़त रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News