नई राह दिखाता उत्तर प्रदेश

punjabkesari.in Saturday, Mar 20, 2021 - 04:06 AM (IST)

प्रकृति और परमात्मा की असीम अनुकम्पा वाले उत्तर प्रदेश को 24 करोड़ जनाकांक्षाओं के अनुरूप सुरक्षित, समृद्ध और समुन्नत प्रदेश के रूप में वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने का हमारा व्रत चार वर्ष पूर्ण कर गया है। ‘लक्ष्य अंत्योदय, प्रण अंत्योदय, पथ अंत्योदय’ के संकल्प को आत्मसात करते हुए उत्तर प्रदेश की सेवा करते हुए ये 04 वर्ष कैसे बीते इसका क्षण भर भी भान न हो सका और अब यह विश्वास और दृढ़ हो चला है कि साफ नीयत और नेक इरादे से किए गए सद्प्रयास सुफलित अवश्य होते हैं। 

कोविड-19 की विभीषिका से संघर्ष का एक वर्ष बीत चुका है। मुझे याद आता है जनता कफ्र्यू का वह दिन जब कोरोना के गहराते संकट के बीच महामहिम राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति महोदय ने फोन पर बातचीत कर मुझसे प्रदेश की तैयारी के संबंध में जानकारी ली थी। उन्हें चिंता थी कि कमजोर हैल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर, सघन जनघनत्व व भू-क्षेत्रीय विविधता और बड़े क्षेत्रीय विस्तार वाला उत्तर प्रदेश इस महामारी का सामना कैसे करेगा? मैंने उन्हें भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश इस आपदा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा और अंतत: हुआ भी यही। हमने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘टैस्टिंग और ट्रेसिंग’ के मंत्र को आत्मसात किया और इसे व्यावहारिक धरातल पर उतारने की चुनौती को स्वीकार किया। इसका नतीजा यह है कि सरकार ने लोगों के जीवन और जीविका दोनों को संरक्षित करने में सफलता प्राप्त की। 

मुझे आज यह कहते हुए आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है कि समाज के हर तबके ने एकजुट होकर इस महामारी से लड़ाई लड़ी। उत्तर प्रदेश के कोविड प्रबंधन की वैश्विक स्तर पर सराहना हुई। नि:संदेह इस आपदाकाल में राष्ट्रीय पटल पर एक नया उत्तर प्रदेश उभर कर आया है। प्रधानमंत्री जी देश को 05 ट्रिलियन यू.एस. डॉलर वाली अर्थव्यवस्था बनाने का महान लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। उन्होंने हमें आत्मनिर्भरता का मंत्र दिया है। उत्तर प्रदेश इस लक्ष्य का संधान कर उनके स्वप्न को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करता है। 

उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं द्वारा किए जा रहे ऐसे अनेक नवाचारी प्रयास ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के स्वप्न को साकार करने की आधारशिला बन रहे हैं। आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता हुआ यह वही उत्तर प्रदेश है जहां मात्र 04 वर्ष में 40 लाख परिवारों को आवास मिला, 1 करोड़ 38 लाख परिवारों को बिजली कनैक्शन मिला, हर गांव की कनैक्टिविटी को बेहतर बनाया गया तथा गांव-गांव तक ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। हम विश्वस्तरीय कनैक्टिविटी स्थापित कर विकास को रफ्तार देकर आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने की दिशा में अग्रसर हैं। भ्रष्टाचार पर जीरो टालरैंस, पारदर्शी एवं स्पष्ट कार्य संस्कृति, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था से व्यवसाय व विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। इस बदलते वातावरण का परिणाम है कि आज निवेशकों की पहली पसंद उत्तर प्रदेश है। चार साल के भीतर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनैस’ की राष्ट्रीय रैंकिंग में 12 पायदान ऊपर उठकर नम्बर दो पर आना कोई सरल कार्य नहीं था पर हमने यह कर दिखाया। यहां वर्ष 2015-16 में प्रति व्यक्ति आय मात्र 47,116 रुपए थी, जबकि आज 94,495 रुपए है।

जी.एस.डी.पी. के आधार पर यह देश की दूसरे नम्बर की अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। चार वर्ष पूर्व अन्नदाता किसान के ऋण की माफी से वर्तमान सरकार की लोककल्याण की यात्रा प्रारंभ हुई थी। राज्य सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट में लघु व सीमान्त किसानों के लिए ऋणमाफी का निर्णय लिया। आज प्रदेश में किसान उन्नत तकनीक से जुड़ कर कृषि विविधीकरण की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उनकी लागत को कम करने और आय दोगुनी करने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार ने दशकों से लंबित पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने का कार्य किया है। प्रदेश में अब तक 1.27 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को किया जा चुका है। किसानों की उम्मीद और खुशहाली हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। 

‘आस्था और अर्थव्यवस्था’ दोनों के प्रति हमारा समदर्शी भाव है। हमारी नीतियों में दोनों भाव समानांतर गति करते हैं। बीते चार वर्षों में उत्तर प्रदेश में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जो ज्योति प्रज्ज्वलित हुई है, उसने हर सनातन आस्थावान व्यक्ति के हृदय को आलोकित किया है। ‘गंगा यात्रा’ के माध्यम से आस्था और आॢथकी दोनों के उद्देश्य पूरे हुए। श्रीरामजन्मभूमि पर सकल आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम के भव्य-दिव्य मंदिर के निर्माण के शिलान्यास की सदियों पुरानी बहुप्रतीक्षित साधना वर्ष 2020 में पूरी हुई। वर्तमान राज्य सरकार अयोध्या को वैदिक और अधुनातन संस्कृति के समन्वित नगर की प्रतिष्ठा से विभूषित करने के लिए नियोजित प्रयास कर रही है। प्रभु श्री राम के आशीष से हमारा यह प्रयास भी अवश्य सफल होगा। 

प्रधानमंत्री जी ने हमें ‘सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास’ का पाथेय प्रदान किया है। वर्तमान प्रदेश सरकार जब चार वर्ष पूरे हो गए हैं तो मुझे व्यक्तिगत प्रसन्नता है कि हम इसी पाथेय के अनुरूप अपनी नीतियों को क्रियान्वित करने में सफल रहे हैं। हमारे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी भी इस बात को मानते हैं कि बीते चार सालों में एक भी ऐसी योजना नहीं शुरू हुई जो किसी जाति, धर्म, पंथ, मजहब के आधार पर विभेद करती हो। लोककल्याण के संकल्प की शक्ति के बूते आज उत्तर प्रदेश के सपने साकार हो रहे हैं। पिछले चार वर्षों में नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का सृजन हुआ है। चार साल पहले जिस प्रदेश को देश और दुनिया में बीमारू कहा जाता था, जहां युवा पलायन को मजबूर था, आज उसकी प्रगति और उसकी नीतियां अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन रही हैं। 

राज्य वही है, संसाधन वही हैं, काम करने वाले वही हैं, बदली है तो बस कार्य संस्कृति। यही प्रतिबद्धतापूर्ण, समॢपत भावना वाली पारदर्शी कार्य संस्कृति इस नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। चुनौतियां कितनी बड़ी क्यों न हों, मार्ग कितना भी दुष्कर क्यों न हो, लोक कल्याण के संकल्प पथ पर सिद्धि की ओर यह यात्रा इसी प्रकार गतिमान रहेगी। 

सागर की अपनी क्षमता है
पर मांझी भी कब थकता है
जब तक सांसों में स्पन्दन है
उसका हाथ नहीं रुकता है
मां भारती हमारा पथ प्रशस्त करें.।.-योगी आदित्यनाथ (मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश)    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News