सिखों को करीब लाने में जुटी केंद्र की मोदी सरकार

punjabkesari.in Friday, Nov 12, 2021 - 03:52 AM (IST)

किसानआंदोलन के कारण भाजपा से दूर जा रहे सिखों को करीब लाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार द्वारा भरपूर कोशिशें की जा रही हैं। पिछले 2 महीने में कई ऐसे घटनाक्रम हुए जिनमें सिखों के प्रति प्रेम झलकता हुआ दिख रहा है। इस बार पद्म पुरस्कारों में भी पंजाब के कई अनजान चेहरों को सम्मानित किया गया। वहीं महत्वपूर्ण पदों पर भी सिख चेहरों को सरकार की तरफ से तवज्जो दी जा रही है। पूर्व आई.पी.एस. अधिकारी एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता इकबाल सिंह लालपुरा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का चेयरमैन लगाया गया। 

इससे पहले तत्कालीन वाजपेयी सरकार के समय भी तरलोचन सिंह को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का चेयरमैन लगाया गया था, जिन्हें इस बार पद्म भूषण से नवाजा गया है। वहीं कोविड के समय अनजान लाशों का अंतिम संस्कार करने वाले दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व विधायक जङ्क्षतदर सिंह शंटी को पद्मश्री पुरस्कार मिला है। इसके अलावा जालंधर में अनाथ लड़कियों के लिए अनाथालय चलाने वाली प्रकाश कौर को पद्मश्री मिला है। 

उत्तराखंड में नए लगाए गए राज्यपाल लैफ्टिनैंट जनरल गुरमीत सिंह भी सिख परिवार से आते हैं। दीपावली के अगले दिन प्रधानमंत्री की केदारनाथ यात्रा के दौरान वह उनके साथ नजर आ रहे थे। प्रधानमंत्री की तरफ से इस बार जवानों के संग दीवाली मनाने के लिए जम्मू-कश्मीर के नौशेरा स्थित सिख रैजीमैंट के कैंप को चुना गया। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह भी इन दिनों केंद्र सरकार के बेहद करीब हो गए हैं। वह दावा भी कर रहे हैं कि किसानी मामलों का जल्दी ही हल किया जाएगा। उसके बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नामक नई पार्टी बनाई और पंजाब भाजपा के साथ सीटों से संबंधित समझौता करने की घोषणा भी की। 

अढ़ाई महीने बाद भी डी.एस.जी.एम.सी. में नई कमेटी का गठन नहीं : दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आम चुनाव होने के अढ़ाई महीने बाद भी नई कमेटी के गठन पर संशय के बादल छाए हुए हैं। कमेटी में किस पार्टी की सत्ता होगी, कौन अध्यक्ष बनेगा, इसे लेकर सत्ता के गलियारों में अब चर्चा भी बंद हो गई है क्योंकि कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष मनजिंद्र सिंह सिरसा की योग्यता को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश का अभी इंतजार हो रहा है। लेकिन इस बीच सिंह सभा कोटे से एक सदस्य को दिल्ली गुरुद्वारा चुनाव निदेशालय ने नामजद कर दिया है। 

दूसरा सदस्य कौन होगा इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। दिल्ली गुरुद्वारा चुनाव निदेशालय की तरफ से 17 नवम्बर का इंतजार किया जा रहा है। इस दिन हाईकोर्ट सिरसा की अयोग्यता मामले का निपटारा कर सकता है। लेकिन 22 नवम्बर से हाईकोर्ट का रोस्टर बदलने वाला है, उसमें हो सकता है कि मौजूदा मामला किसी और जज को स्थानांतरित हो जाए और निर्णय में देरी हो। 

गुरुद्वारा कमेटी में बंट रही चेयरमैनी : दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी में नई सरकार अभी गठित भी नहीं हुई है लेकिन कार्यवाहक प्रबंधक मनमर्जी करते हुए कई बड़े फैसले ले रहे हैं। इसमें दो नई बड़ी गाडिय़ां खरीदी गई हैं। कुछ स्कूलों व संस्थानों में नए चेयरमैन भी लगाए गए हैं। हाल ही में कमेटी सदस्य बलबीर सिंह विवेक विहार को हरगोङ्क्षबद एन्क्लेव स्कूल का चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा  ट्रांसपोर्ट कमेटी का चेयरमैन भी नया बनाया गया है। कहते हैं कि आधिकारिक पत्र न देकर सीधी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।


भाजपा ने सिख प्रकोष्ठ को किया सक्रिय : भारतीय जनता पार्टी का सिख प्रकोष्ठ भी सक्रिय हो गया है। भाजपा सिख सैल के संयोजक कुलविंदर सिंह बंटी की अगुवाई में सिख मसलों में दखल दिया जा रहा है। कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में अरदास करवाई गई। इसके बाद 1984 सिख दंगों की बरसी पर आयोजन भी किया गया। 


केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी के सरकारी आवास पर बाकायदा विचार गोष्ठी कर कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को भी सजा दिलवाने का ऐलान किया गया। इसके अलावा गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में बनी सच की दीवार पर सिख प्रकोष्ठ के कार्यकत्र्ता मोमबत्तियां भी जलाने पहुंचे।


नगर कीर्तन नहीं होगा: प्रथम सिख गुरु श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर दिल्ली में गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब तक सजने वाला नगर कीर्तन इस बार नहीं होगा। ऐसा दावा किया जा रहा है कि कोविड प्रोटोकॉल के चलते दिल्ली प्रशासन ने नगर कीर्तन निकालने की मंजूरी नहीं दी है। पिछली बार भी कोरोना के चलते नगर कीर्तन नहीं निकल पाया था। यह भी माना जा रहा है कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी पर्व पर 24 नवम्बर को भी नगर कीर्तन नहीं निकलेगा।-दिल्ली की सिख सियासत 
सुनील पांडेय
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News