भाजपा में मैं पूरी तरह ‘घर जैसा महसूस करता हूं’

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2020 - 04:04 AM (IST)

भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया जिन्होंने कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थामा था, ने उप चुनावों में चुनावी जीत के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को श्रेय दिया है जिनके विकास आधारित कार्यों ने जीत दिलाई है। एक साक्षात्कार के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि लोगों ने स्पष्ट तौर पर यह बता दिया है और भाजपा पर भरोसा जताया है। मैंने पहले ही कहा था कि कांग्रेस चुनावों के दौरान निम्न स्तर की भाषा का उपयोग करेगी और लोगों ने इसे बुरी तरह से नकार दिया। लोगों ने भाजपा को जनादेश दिया है। 28 सीटों में से 27 जहां पर उप चुनाव हुए वे कांग्रेस के पास थीं। भाजपा ने 28 में से 19 सीटों को जीता है। एक-दो सीटें तो बहुत कम मार्जिन से खोई हैं। भाजपा सरकार में लोगों का विश्वास बढ़ा है। 

जब उनसे पूछा गया कि भाजपा को इतना सशक्त कौन बनाता है और आलोचकों का कहना है कि पैसा, धर्म की राजनीति तथा राज्य मशीनरी का गलत इस्तेमाल पार्टी ने किया है तो इसके बारे में उन्होंने कहा कि स्पष्ट तौर पर यह जनादेश भाजपा सरकार के हक में है। पिछले 6 वर्षों के दौरान शिवराज सिंह जी तथा मैंने और पूरी टीम ने बहुत सख्त मेहनत की और राज्य के विकास के लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया। चाहे यह किसानों की बात हो, छात्रों की या फिर महिलाओं की हो, हमने मतदान क्षेत्र के ब्लू प्रिंट को विकसित किया। हमारी योजना विकास को बढ़ाने की थी। कमलनाथ-दिग्विजय की जोड़ी ने भ्रष्टाचार से भरी 15 महीने की सरकार चलाई जो पूरी तरह से लोगों के प्रति जिम्मेदारी से मुक्त थी। 

कांग्रेस को छोडऩे के बाद खुश दिखाई दे रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आगे कहा कि मैंने कांग्रेस इसलिए छोड़ी क्योंकि मध्य प्रदेश सरकार में जनता विरोधी नीतियां थीं। भाजपा में मैं एक साधारण कार्यकत्र्ता के तौर पर कायम हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिवराज सिंह जी के सामने पार्टी का एक साधारण कार्यकत्र्ता हूं। मध्यप्रदेश के हालातों को ऊपर उठाने के लिए हम एक सकारात्मक सोच रखते हैं। 

आगे के लिए आप क्या चाहते हैं या फिर आपकी क्या उम्मीदें हैं तो इस पर सिंधिया ने कहा कि मेरा पूरा जीवन एक जनता के नौकर के तौर पर है। मैं राजनीतिज्ञ नहीं हूं और ऐसा आप 2 दशकों की मेरी पब्लिक लाइफ से देख सकते हैं। अपना मंतव्य छोड़ मैं हमेशा ही लोगों के लिए कार्य करने के कारण उनके दिल में जगह बनाए बैठा हूं। मैं लोगों का सेवक हूं और मेरा लक्ष्य भी यही है और मेरी भूमिका भी यही है। जैसी भी जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई या फिर कोई भी कठिन राह मुझे दिखाई गई तो मैं उसे निभाने के लिए सदैव तैयार रहूंगा। 

भाजपा में ज्योतिरादित्य सिंधिया क्या घर जैसा महसूस करते हैं तो इस पर उन्होंने कहा कि यकीनन भाजपा विकास तथा देश की तरक्की के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा से मेरा तीन पीढिय़ों से नाता है और यह संबंध मेरे दादा से लेकर मेरे पिता के समय का है। भाजपा में रह कर मैं इसे घर जैसा महसूस करता हूं। मैं नहीं मानता कि राजनीति के पास धुंधले रिश्ते हों। मैंने राजनीति को 1980 से देखा है। जब मैं एक छोटा बच्चा था। यह एकदम अलग-सा माहौल था। जब मैं कांग्रेस में था तब मेरे भाजपा में कई लोगों से अच्छे संबंध थे। मैं नहीं मानता कि पार्टी की रेखाएं रिश्तों को बनाती या तोड़ती हैं। 

अब मैं उस पार्टी के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता जिसे मैं पीछे छोड़ आया हूं और न ही उसका सदस्य हूं। मेरा मानना है कि वास्तव में कांग्रेस ने भारत के लोगों का विश्वास खोया है। यह उनकी समस्या है। मैं तो अपनी राजनीतिक पार्टी पर ध्यान केन्द्रित कर रहा हूं जोकि भाजपा है और इसके लिए मैं रात और दिन कार्य करता रहूंगा।-वर्गीज के. जार्ज


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News