यह है अमरीका का स्वतंत्रता दिवस! बच्चों सहित ‘80 लोगों की मौत’.

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2020 - 10:21 AM (IST)

अमरीका का स्वतंत्रता दिवस प्रति वर्ष 4 जुलाई को मनाया जाता है। इस दिन राष्ट्रीय अवकाश रहता है। लोग धूमधाम से अपनी आजादी का जश्र मनाते हैं और आतिशबाजी, परेड, मेलों, पिकनिक, संगीत समारोहों आदि का आयोजन किया जाता है। लेकिन इस बार अमरीका का स्वतंत्रता दिवस समारोह पिछले स्वतंत्रता दिवस समारोहों जैसा उल्लास से भरपूर न रह कर खूनी स्वतंत्रता दिवस बन कर रह गया। इसी सप्ताहांत में अमरीका में हुई गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 80 लोगों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। गोलीबारी में अनेक बच्चों को गोलियों का निशाना बनाया गया जिनमें एक 20 महीने का बच्चा भी शामिल है। 

शिकागो में ही स्वतंत्रता दिवस के आसपास हुई गोलीबारी में कम से कम 17 लोग मारे गए और 63 अन्य घायल हुए। शिकागो में हत्यारों की गोलियों का शिकार होने वालों में नतालिया वेलस नामक 7 वर्षीय बच्ची को 4 जुलाई शाम को उस समय गोली मारी गई जब वह अपनी दादी को मिलने जा रही थी।  स्वतंत्रता दिवस जैसे खुशी के मौके पर होने वाली ऐसी घटनाओं से स्पष्टï है कि वहां ‘बंदूक संस्कृति’ कितनी तेजी से बढ़ रही है। इस तरह की घटनाओं से अमरीका जैसे शक्तिशाली देश के भी तीसरी दुनिया के अशांत देशों वाली हालत में पहुंचने की आशंका व्यक्त की जा रही है। अमरीकी समाज में हथियारों की आसानी से उपलब्धता भी इन घटनाओं का एक बड़ा कारण मानी जा रही है जो एक बड़ी समस्या है परन्तु अमरीकी शासक वहां हथियारों की बिक्री पर किसी प्रकार का प्रतिबंध लगाएंगे इसमें संदेह ही है।  -विजय कुमार 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News