अध्यापकों द्वारा छात्राओं का यौन शोषण  ‘अब रक्षक ही भक्षक बने’

punjabkesari.in Sunday, Jan 15, 2023 - 03:11 AM (IST)

जीवन में माता-पिता के बाद अध्यापक का ही सर्वोच्च स्थान माना गया है परंतु आज चंद अध्यापक अपनी मर्यादाओं को भूल स्कूली बच्चियों का यौन शोषण करके नैतिकता को तार-तार कर रहे हैं :

  • 5 नवम्बर, 2022 को संगरूर (पंजाब) में एक सरकारी स्कूल के अध्यापक के विरुद्ध एक नाबालिग छात्रा से बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया। 
  • 16 नवम्बर, 2022 को थ्रीपुनितुरा (कोच्चि) में ग्यारहवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से बलात्कार के आरोप में स्कूल के प्रिंसीपल तथा 2 अध्यापकों को गिरफ्तार किया गया। 
  • 29 नवम्बर, 2022 को ‘कैमूर’ (बिहार) में बलात्कार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया। ‘अघोरा’ गांव में कुछ लड़के एक लड़की को पकड़ कर जंगल में ले गए और सबने उसके साथ बलात्कार कर डाला।
  • तभी वहां गांव का ही सुरेंद्र पाल नामक एक अध्यापक आ पहुंचा जिसे देख कर वे बदमाश भाग गए। इसके बाद नीचता का परिचय देते हुए अध्यापक ने पीड़िता की सहायता करने की बजाय स्वयं भी उससे बलात्कार कर डाला। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है परंतु अन्य बदमाश फरार हैं। 
  • 6 दिसम्बर, 2022 को गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में एक कम्प्यूटर अध्यापक को एक नाबालिगा के साथ लगातार 2 वर्ष तक बलात्कार करने और किसी को बताने पर उसका हाल भी ‘श्रद्धा वालकर’, जिसकी उसके प्रेमी ने हत्या के बाद उसकी लाश के टुकड़े-टुकड़े कर दिए, जैसा करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 
  • 23 दिसम्बर, 2022 को कालाहांडी (ओडिशा) की जिला अदालत ने एक सरकारी आवासीय विद्यालय के प्रिंसीपल को एक नाबालिग छात्रा से बलात्कार करने के आरोप में 10 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
  • 4 जनवरी, 2023 को झांसी (उत्तर प्रदेश) के ‘बिजौली’ में 3 बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने आए अध्यापक शिवम कुमार सैनी ने 2 लड़कों की जल्दी छुट्टी कर दी और फिर 14 वर्षीय आठवीं कक्षा की छात्रा को रोक कर उससे बलात्कार करने के बाद किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
  • 6 जनवरी, 2023 को नवादा (बिहार) के ‘कोआकोल’ थाना क्षेत्र के एक मदरसे के मौलवी शहादत हुसैन को नाबालिग छात्राओं से गंदी हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस मौलवी ने अपने मोबाइल में छात्राओं के अनेक वीडियो बना रखे थे। 
  • 7 जनवरी, 2023 को बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) के एक स्कूल अध्यापक को एक 8 वर्षीय छात्रा को ‘प्रेम पत्र’ लिखने के आरोप में पकड़ा गया। 
  • 9 जनवरी, 2023 को महाराजगंज (उत्तर प्रदेश) के एक गांव में एक स्कूल के अध्यापक विद्या सागर को अपने एक साथी के साथ मिल कर 14 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
  • 10 जनवरी, 2023 को भोपाल (मध्य प्रदेश) में एक सरकारी स्कूल के अध्यापक को एक 10 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में उम्र कैद तथा 20,000 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई। 
  • और अब 13 जनवरी को कन्नूर (केरल) जिले के एक स्कूल में 52 वर्षीय अध्यापक को छठी और सातवीं कक्षा की लगभग आधा दर्जन छात्राओं का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

उक्त घटनाओं से स्पष्ट है कि आज देश में चंद अध्यापकों के हाथों बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। चंद अध्यापकों द्वारा मासूम छात्राओं के यौन शोषण जैसे अपराध इस आदर्श व्यवसाय पर एक धब्बा एवं अध्यापक वर्ग में भी बढ़ रही नैतिक गिरावट का नतीजा है। अत: ऐसा करने वाले अध्यापकों को शिक्षाप्रद सजा दी जानी चाहिए ताकि यह दुष्चक्र रुके। -विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News