‘अमरीका में यह कैसी बंदूक संस्कृति’ ‘जिससे शर्मसार हो रहा देश’

punjabkesari.in Friday, Apr 23, 2021 - 12:51 AM (IST)

अमरीका में गोलीबारी और हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और देश के लगभग सभी राज्य समान रूप से इसकी चपेट में आए हुए हैं, जिसके ताजा उदाहरण निम्र में दर्ज हैं :

* 23 मार्च को कोलोराडो के ‘बोल्डर’ शहर में गोलीबारी की एक घटना में एक पुलिस कर्मचारी सहित 10 लोग मारे गए।
* 01 अप्रैल को दक्षिणी कैलीफोर्निया के ‘आरेंज’ में एक कार्यालय में गोलीबारी के चलते एक बच्चे सहित 4 लोगों की मौत हो गई।
* 03 अप्रैल को उत्तरी कैरोलिना के ‘विलमिंगटन’ शहर में एक पार्टी के दौरान गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई व 4 घायल हो गए।
* 05 अप्रैल को शिकागो के ‘एंगलवुड’ इलाके में गोलीबारी की एक घटना में 7 लोग घायल हो गए।
* 09 अप्रैल को टैक्सास की एक फैक्टरी में हुई गोलीबारी के परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की जान चली गई।
* 11 अप्रैल को मिसौरी प्रांत में 24 घंटे खुले रहने वाले एक सुविधा स्टोर तथा ‘उटाह’ में साल्टलेक काऊंटी जेल के बाहर गोलीबारी की 2 अलग-अलग घटनाओं में 2 लोगों की मौत तथा 6 लोग घायल हो गए।
* 12 अप्रैल को वाशिंगटन में ‘ब्रुकलिन सैंटर’ के निकट चलती कार पर गोलियां चलाने से एक अश्वेत व्यक्ति की जान चली गई।
* 15 अप्रैल को इंडियानापोलिस शहर के ‘फैडएक्स’ कार्यालय में अज्ञात हमलावर द्वारा अंधाधुंध गोलियां चलाने से 4 सिखों सहित 8 लोग मारे गए। हत्यारे ने बाद में खुद भी गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
मृतकों में अमरजीत कौर जौहल (गांव सलेमपुर मसंदां, जालंधर), अमरजीत कौर सेखों (ईसेवाल, लुधियाना), जसविंद्र कौर (लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश) व जसविंद्र सिंह (कोटला नौध सिंह, होशियारपुर) शामिल हैं।
* 18 अप्रैल को अमरीका के टैक्सास, शिकागो और लुसियाना में गोलीबारी की 3 घटनाओं में कार में बैठी एक 7 वर्षीय अश्वेत बच्ची सहित 4 लोग मारे गए तथा बच्ची के पिता सहित 6 लोग घायल हो गए।
* 19 अप्रैल को अमरीका के डलास में पुलिस अधिकारियों ने उनकी ओर खिलौना पिस्तौल तानने वाले एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी।
* 21 अप्रैल को अमरीका के कोलम्बस में एक अश्वेत जॉर्ज फ्लायड की हत्या के आरोपी पुलिस अधिकारी डैरेक चॉविन के केस की सुनवाई के दौरान लोगों पर गोली चला देने से एक अश्वेत किशोरी की मौत हो गई।
डैरेक चॉविन को जॉर्ज फ्लायड की हत्या का दोषी करार दिए जाने पर विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कुल 75 वर्ष कैद की सजा सुनाए जाने पर अश्वेत अमरीकी जश्र मना कर खुशी जाहिर कर रहे हैं।
अमरीका में गोलीबारी की घटनाओं में वृद्धि का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि केवल इस वर्ष के शुरू के साढ़े तीन महीनों में ही अमरीका में गोलीबारी की 151 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं।
मात्र पिछले एक महीने के भीतर ही अमरीका में बढ़ी बंदूक संस्कृति के चलते 35 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इन हत्याओं में अधिक मामले नस्ली हिंसा के ही हैं जिनके विरुद्ध वहां प्रदर्शन हो रहे हैं।
इस वर्ष 20 जनवरी को पद की शपथ ग्रहण करते समय राष्ट्रपति ‘जो बाइडेन’ (डैमोक्रेटिक पार्टी) ने देश में बंदूक संस्कृति तथा लोगों द्वारा स्वयं बंदूकें बनाने के बढ़ रहे रुझान पर रोक लगाने की बात कही थी परंतु अमरीकी कांग्रेस में मौजूद पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों के विरोध के कारण अभी तक उनकी इस घोषणा पर अमल होता दिखाई नहीं दे रहा।अमरीका में बढ़ रही गोलीबारी की घटनाओं पर इंडियानापोलिस के उप पुलिस प्रमुख ‘क्रेग कैकार्ट’ का कहना है कि ‘‘ लोगों ने अपनी समस्याएं जल्दी सुलझाने के जुनून में बंदूकों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।’’
अमरीका में बढ़ रही ‘बंदूक संस्कृति’ के साथ-साथ लोगों में बढ़ रही असहिष्णुता और आसानी से हथियारों की उपलब्धता का दुष्परिणाम दुखद हिंसक घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है।
राजनीतिक प्रेक्षकों का इस सम्बन्ध में कहना है कि यदि यह सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो अमरीका के लोगों में भय एवं असुरक्षा की भावना बढ़ेगी और वहां नस्ली दंगे भी शुरू हो सकते हैं।    
—विजय कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News