देश में लोकतंत्र के लिए कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी- नितिन गडकरी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 30, 2022 - 04:04 AM (IST)

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी भाजपा के स्पष्टवादी नेताओं में से एक हैं, जिनके काम की तारीफ उनके अपने साथी ही नहीं, विरोधी दलों के नेता भी करते हैं। जहां श्री गडकरी ने विरोधी खेमे में भी अपने प्रशंसक बनाए हैं, वहीं कुछ समय से वह लगातार अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकत्र्ताओं को उनकी त्रुटियों के बारे में सचेत करते और उन्हें नसीहतें देते आ रहे हैं। 

मणिपुर से भाजपा सांसद टापिर गाओ ने उनकी प्रशंसा करते हुए कहा है कि ‘‘नितिन गडकरी हैैं तो मुमकिन है। वह मकड़े के जाल की भांति देश के ओर-छोर में सड़कों का जाल बिछाते जा रहे हैं इसलिए मैंने उनका नाम बदल कर ‘स्पाइडरमैन’ रख दिया है। ’’ इन दिनों गडकरी अपने एक बयान से चर्चा में हैं। भाजपा के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ नारे से भिन्न राय रखते हुए उन्होंने देश की सबसे पुरानी पार्टी के मजबूत होने की कामना करते हुए पुणे में एक कार्यक्रम में कहा : 

‘‘जैसे-जैसे कांग्रेस कमजोर होती जा रही है, क्षेत्रीय पार्टियां उसका स्थान लेती जा रही हैं। यह लोकतंत्र के लिए शुभ लक्षण नहीं है। क्षेत्रीय पार्टियों को विपक्ष का स्थान लेने से रोकने के लिए कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है।’’‘‘लोकतंत्र में विपक्षी दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेरी हार्दिक कामना है कि कांग्रेस मजबूत बनी रहे। जो कांग्रेस में हैं उन्हें पार्टी के लिए निष्ठा दिखाते हुए पार्टी में ही रहना चाहिए और हार से निराश हो कर पार्टी या अपनी विचारधारा न बदल कर काम करना जारी रखना चाहिए।’’

‘‘हर पार्टी का दिन आता है। लोकतंत्र दो पहियों की गाड़ी के समान होता है, जिसका एक पहिया सत्तारूढ़ दल, तो दूसरा विपक्ष होता है। मजबूत लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष भी जरूरी है।’’ महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने श्री गडकरी के इस बयान की सराहना की है।

जहां उक्त बयान के लिए श्री गडकरी बधाई के पात्र हैं, वहीं हाल के चुनावों में हारने के बावजूद सिर फुटौवल में उलझे कांग्रेस नेताओं को उनके बयान से सबक लेकर आपस में सहमति कायम करके पार्टी को आगे बढ़ाने की बात सोचनी चाहिए, ताकि यह देश में एक मजबूत एवं स्वस्थ विपक्ष की भूमिका निभा सके।-विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News