कप्तान सुनील छेत्री के गोल से जीता भारत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 14, 2017 - 11:23 AM (IST)

बेंगलुरु: कप्तान सुनील छेत्री के दूसरे हाफ के शानदार गोल से भारत ने किर्गिजिस्तान को एएॅफसी एशिया कप फुटबॉल क्वालीफायर्स के ग्रुप ए मैच में मंगलवार को 1-0 से हरा दिया।  श्री कांतिरवा स्टेडियम में पहला हाफ गोल रहित रहने के बाद छेत्री ने मैच का एकमात्र महत्वपूर्ण गोल 69 वें मिनट में किया। छेत्री का किर्गिजिस्तान के खिलाफ लगातार 3 मैचों में यह तीसरा गोल था। भारत अब इस जीत से ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया है।  

कप्तान सुनील छेत्री ने 69 वें मिनट हाफ लाइन से गेंद को लेकर आगे बढ़ते हुए 3 डिफेंडरों को छकाया और गेंद जेजे लालपेखलुआ को दे दी। जेजे ने गेंद संभालने के बाद लॉब कर वापिस अपने कप्तान को दी जिन्होंने पहले ही प्रयास में गोल दाग कर भारत को बढ़त दिला दी। भारत के पास मैच के इंजरी समय में अपनी बढ़त दोगुनी करने का शानदार मौका था जब रोबिन सिंह के सामने सिर्फ गोलकीपर थे लेकिन रोबिन गेंद को बाहर मार बैठे। भारत ने एक गोल के अंतर से मैच जीत लिया। 

दोनों टीमें इस मुकाबले में अपना-अपना पहला मैच जीत कर उतरी थीं। भारत ने म्यांमार को उसी के घर में हराया था जबकि किर्गिजस्तान ने मकाऊ को एक गोल से पराजित किया था। भारत ने इस मैच से पहले हाल में एक अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में नेपाल को 2-0 से हराया था।  आपसी भिड़ंत में भारत ने किर्गिजिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 3-1 कर लिया है। भारत ने इससे पहले किर्गिजिस्तान को नेहरू कप में दो बार हराया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News