साक्षी, बजरंग की नजरें विश्व चैंपियनशिप में पदक पर

punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2017 - 05:32 PM (IST)

पेरिसः आेलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक और एशियाई चैंपियन बजरंग पूनिया कल से यहां शुरू हो रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे।  सभी की नजरें रियो आेलंपिक में 58 किग्रा वर्ग की रजत पदक विजेता साक्षी पर टिकी होंगी जिन्होंने एक भार वर्ग उपर चढ़ते हुए मई में एशियाई चैंपियनशिप के 60 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था।  

साक्षी ने इसी वर्ग में चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है और महिलाओं के वर्ग में वह जब गुरवार को मैट पर उतरेंगी तो उनकी नजरें स्वर्ण पदक पर टिकी होंगी।  एशियाई चैंपियनशिप की एक अन्य रजत पदक विजेता विनेश फोगाट महिला 48 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। रियो आेलंपिक के दौरान लगी चोट के बाद वापसी करते हुए विनेश ने एशियाई चैंपियनशिप में 55 किग्रा वर्ग में हिस्सा लिया था लेकिन उन्होंने 48 किग्रा वर्ग में ही हिस्सा लेने का फैसला किया है। विनेश के अलावा कोई भी फोगाट बहन विश्व चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है। गीता और बबिता ने ट्रायल में हिस्सा नहीं लिया जबकि रितु और संगीता क्वालीफाई करने में नाकाम रही।  

इस बीच पुरष फ्रीस्टाइल में बजरंग की नजरें भी स्वर्ण पदक पर होंगी। उन्होंने 2013 में बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। वह एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे थे। बुडापेस्ट में हालांकि बजरंग ने 60 किग्रा वर्ग में हिस्सा लिया था जबकि अब वह 65 किग्रा वर्ग में शिरकत करते हैं।  बजरंग ने यहां 12 अगस्त को विशेष चयन ट्रायल में राहुल मान को 10-0 से हराकर विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाई है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News