पुजारा आैर हरमनप्रीत को देश के सर्वाेच्च खेल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे राष्ट्रपति

punjabkesari.in Tuesday, Aug 22, 2017 - 03:22 PM (IST)

नई दिल्लीः रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक एथलीट देवेंद्र झांझरिया और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह को इस वर्ष 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश के सर्वाेच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से राष्ट्रपति भवन में सम्मानित करेंगे। राष्ट्रपति इसके साथ ही क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर सहित 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। सरकार ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से इन राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों की घोषणा कर दी जिनके नामों की अर्जुन पुरस्कार समिति और द्रोणाचार्य पुरस्कार समिति ने सिफारिश की थी। द्रोणाचार्य पुरस्कारों से केवल कोच सत्यनारायण को हटाया गया है जिनके खिलाफ एक आपराधिक मामला अदालत में लंबित है।  

केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने गत शुक्रवार रात इन नामों की फाइलों को अपनी मंजूरी दे दी थी जिसके अगले दिन सत्यनारायण का नाम द्रोणाचार्य सूची से हटाया गया था। सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद देवेंद्र और सरदार खेल रत्न बनेंगे जबकि सात कोचों को द्रोणाचार्य सम्मान दिया जाएगा। 17 खिला़ड़ियोंको अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। तीन खिलाड़यिों को आजीवन ध्यानचंद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में इन खिलाड़ियों को इन पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे। खेल रत्न में साढ़े सात लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी जबकि अर्जुन द्रोणाचार्य और ध्यानचंद में पांच-पांच लाख रूपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। 

खिलाड़ियों के नामों की सूची इस प्रकार है- 
खेल रत्न-देवेंद्र झाझरिया (पैरा एथलीट) और सरदार सिंह(हॉकी)। अर्जुन अवार्ड- चेतेश्वर पुजारा(क्रिकेट), हरमनप्रीत कौर(क्रिकेट), वरूण सिंह भाटी(पैरा एथलीट), प्रशांती सिंह(बास्केटबॉल), एसएसपी चौरसिया(गोल्फ), ओनम बेमबेम देवी(महिला फुटबाल), साकेत मिनैनी(टेनिस), मरियपन्न थंगावेलू (पैरा एथलीट), वीजे सुरेखा(तीरंदाजी), खुशबीर कौर(एथलेटिक्स), आरोकिया राजीव(एथलेटिक्स), एस वी सुनील(हॉकी), सत्यव्रत कादियान(कुश्ती), एंथोनी अमलराज(टेबल टेनिस), पीएन प्रकाश(निशानेबाजी), जसवीर सिंह(कबड्डी), देवेंद्रो सिंह(मुक्केबाजी)। द्रोणाचार्य पुरस्कार-स्वर्गीय डा. रामकृष्णन गांधी(एथलेटिक्स), हीरानंद कटारिया(कबड्डी)। लाइफटाइम द्रोणाचार्य अवार्ड- जीएसएसवी प्रसाद (बैडमिंटन), बृजभूषण मोहंती(मुक्केबाजी), पी ए रफेल(हॉकी), संजय चक्रवर्ती(निशानेबाजी) और रौशन लाल (कुश्ती)। ध्यानचंद अवार्ड- भूपेंद्र सिंह (एथलेटिक्स), सैयद शाहिद हकीम(फुटबाल) और सुमरई टेटे(हॉकी)। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News