रोनाल्डो के दम पर पुर्तगाल ने हंगरी को हराया

punjabkesari.in Sunday, Mar 26, 2017 - 07:04 PM (IST)

लिस्बन: करिश्माई स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो शानदार गोलों के दम पर पुर्तगाल ने हंगरी को विश्वकप फुटबॉल क्वालीफायर में 3-0 से पराजित कर दिया। इस जीत से यूरोपियन चैंपियन पुर्तगाल ग्रुप बी में शीर्ष पर चल रहे स्विटजरलैंड से तीन अंक पीछे ही रह गया है। स्विटजरलैंड ने लात्विया को 1-0 से हराकर पांच मैचों में पांचवी जीत और 15 अंकों के साथ अपना शतप्रतिशत रिकॉर्ड कायम रखा है।

रोनाल्डो ने इन दो गोलों से अपने अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 138 मैचों में 70 पहुंचा दी है। पुर्तगाल के लिये आंद्रे सिल्वा ने रोनाल्डो की मदद से पहला गोल दागा। पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो ने 25 मीटर की दूरी से अपना पहला और टीम का दूसरा गोल किया। रोनाल्डो ने दूसरे हाफ में लंबी दूरी पर मिली फ्री किक पर अपना दूसरा गोल दाग दिया।  

पुर्तगाल की टीम यूरो 2016 में हंगरी के हाथों बाहर होते होते बच गई थी और उसने तीन बार पिछडऩे के बाद 3-3 से बराबरी की थी। यूरोप में नौ ग्र्रुपों में से हर ग्रुप का विजेता रूस में अगले वर्ष होने वाले विश्वकप में सीधे पहुंचेगा जबकि आठ सर्वश्रेष्ठ रनरअप चार और स्थानों के लिये प्लेऑफ राउंड खेलेंगे। इस बीच बुल्गारिया ने हॉलैंड को ग्रुप ए में 2-0 से हराकर 1998 के बाद पहली बार विश्वकप में खेलने की अपनी उम्मीदें मजबूत कर ली जबकि बेल्जियम और यूनान ने ग्रुप एच में 1-1 का ड्रा खेला।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News