दिल्ली: ली-मेरिडियन पर गिरी गाज, होटल में अब नहीं होगी बुकिंग!

punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2017 - 07:14 PM (IST)

नई दिल्ली: नई दिल्ली नगरपालिक परिषद् (एन.डी.एम.सी.) ने लाइसेंस शुल्क का बकाया नहीं चुकाने के कारण राष्ट्रीय राजधानी स्थित ली-मेरिडियन होटल का वाणिज्यिक टावर आज सील कर दिया और होटल के कमरों की आगे बुकिंग नहीं करने का निर्देश दिया है। ली-मेरिडियन होटल का संचालन आतिथ्य क्षेत्र की कंपनी सीजे इंटरनेशनल करती है। 

17 साल से लंबित था मामला
दिल्ली के जनपथ स्थित इस होटल परिसर पर लाइसेंस शुल्क तथा अन्य मदों में एन.डी.एम.सी. का करीब 605 करोड़ रुपए बकाया है। यह मामला 17 साल से अदालत में लंबित था और उच्च न्यायालय के आदेश पर एन.डी.एम.सी. ने पिछले महीने कंपनी को बकाया चुकाने का नोटिस दिया था। कंपनी ने इस नोटिस के खिलाफ भी उच्च न्यायालय में अपील की थी जिसे अदालत ने 08 सितंबर को हुई सुनवाई में खारिज कर दिया। एन.डी.एम.सी. ने इसके बाद आज सुबह टावर सील करने की कार्रवाई की।

सील करने के लिए दिया 1 महीने का समय
होटल परिसर में दो टावर हैं जिसमें छोटा टावर सील किया गया है। नौ मंजिले इस टावर में विभिन्न देशी एवं विदेशी कंपनियों के कार्यालय हैं। कंपनियों को उनका सामान और दस्तावेज निकालने के लिए समय दिया गया है। टावर की बिजली-पानी की आपूर्ति भी काट दी गई है। होटल में आगे बुकिंग नहीं करने के लिए कहा गया है ताकि कुछ दिन बाद उसकी बिजली-पानी की आपूर्ति काटी जाए तो ग्राहकों को परेशानी न हो। गत 27 अगस्त को जारी नोटिस में एन.डी.एम.सी. ने होटल ब्लॉक सील करने के लिए एक महीने का समय तय किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News