सरहद पर ना'पाक गोलाबारी, जवान शहीद , नागरिकों की मौत, स्कूल बंद

punjabkesari.in Saturday, Jan 20, 2018 - 07:04 PM (IST)

जम्मू: पिछले चार दिनों से सरहदें अशांत हैं। पाकिस्तान कठुआ से लेकर पुंछ-राजोरी तक बार्डर पर जमकर गोलाबारी कर रहा है। 18 सेक्टरों को निशाना बनाकर गोले बरसाए जा रहे हैं।  जहां पाकिस्तान ने शुक्रवार को 50 से ज्यादा चौकियों और करीब 100 गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की वहीं शनिवार सुबह से आरएसपुरा और अखनूर के परगवाल प राजोरी में गोलाबारी जारी है। शनिवार को गोलाबारी में एक जवान शहीद हो गया जबकि तीन सिविल नागरिकों की मौत हो गई। गोलीबारी में शनिवार को करीब 20 लोग घायल हुए हैं। सरहदों के निकट रहने वाले लोगों में डर और दहशत का माहौल व्याप्त है।


बुधवार से जारी पाकिस्तान की गोलाबारी में अब  दो बीएसएफ के जवान, दो सेना के जवान शहीद हो गए जबकि पांच लोग मारे गए और 46 घायल हैं।। वहीं 50 से अधिक मवेशी मारे गए हैं जबकि 100 से ज्यादा मवेशी घायल हो गए हैं। पाकिस्तान द्वारा दागे जा रहे मोर्टार के गोलों से इमारतों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।


स्कूल कालेज बंद
गोलाबारी के चलते प्रशासन ने बार्डर के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को बंद करवा दिया है।अगले तीन दिनों तक स्कूल और कालेज बंद रहेंगे। अधिकारिक जानकारी के अनुसार सांबा, कठुआ, राजोरी और पुंछ में आईबी और एलओसी के निकट करीब 120 स्कूलों को बंद कर दिया गया है। लोगों के लिए बार्डर पर करीब 197 एंबूलेंस भी तैनात की गई हैं।


पेट्रोल पंप पर लगाए गए फायर टेंडर
बार्डर पर जिस तरह से गोलाबारी हो रही है उसको ध्यान में रखते हुए बार्डर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों को तैनात किया गया है।


विस्थापन शुरू
रामगढ़ सेक्टर, आरएसपुरा सेक्टर और राजोरी पुंछ से भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। रामगढ़ सेक्टर के कई लोगों को सांबा में बने अस्थायी शिविरों में रखा गया है जबकि आरएसपुरा से भी लोगों ने पलायन करना शुरू कर दिया है। कुछ लोग रिश्तेदारों के घर पहुंच रहे हैं जबकि कुछ लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है।

पाकिस्तान में भी भारी नुकसान
भारतीय जवान भी पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। भारत की सौ चौकियों से पाकिस्तान को गोलीबारी का जवाब दिया जा रहा है। अब तक की कार्रवाई में पाक के 10 रेंजर्स ढेर किए गए हैं जबकि सियालकोट में चार लोग भी मारे गए हैं। पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से दी गई खबर के अनुसार पाकिस्तान में भारत की गोलीबारी से काफी नुकसान हुआ है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News