बिहार उपचुनावः तीनों सीटों पर समाप्त हुए मतदान, अररिया में हुई सबसे अधिक वोटिंग

punjabkesari.in Sunday, Mar 11, 2018 - 06:59 PM (IST)

पटनाः  बिहार में लोकसभा की एक और विधानसभा की दो सीटों के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच समाप्त हो गए हैं। आकंड़ों के अनुसार पांच बजे तक अररिया में 57% वोटिंग हो गई है। भभुआ में 54.3% और जहानाबाद में 50.6% मतदान हुए।

भभुआ के दो मतकेन्द्रों में कोई भी मतदान नहीं हुआ है। यह दोनों बूथ सोनहन के हैं। अररिया से राजद के उम्मीदवार सरफराज आलम ने वोट डाल दिया है। भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंन कहा कि जिनके खुद के घर शीशे के होते हैं वह दूसरों के घर पर पत्थर नहीं मारते। 
PunjabKesari
मतदान के दौरान जहानाबाद विधानसभा उपचुनाव बूथ नंबर 94 पर दो गुटों के बीच गोलीबारी की खबर आई। इस खबर को एडीजी द्वारा खारिज कर दिया गया है। भभुआ से कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वह हराने की साजिश रच रहें हैं। 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार जहानाबाद में सबसे कम मतदान किया गया है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष कौकब कादरी ने ईवीएम मशीन में गड़बड़ी की बात कहते हुए पुनर्मतदान की मांग की है। अररिया में लोकसभा सीट पर चुनाव हो रहा है। भाजपा के उम्मीदवार प्रदीप सिंह ने इस दौरान मतदान किया। 
PunjabKesari

संख्या नंबर जिला

मतदान प्रतिशत 

समय
1 अररिया 57% 5 बजे तक
2 जहानाबाद 50.6% 5 बजे तक
3 भभुआ  54.3% 5 बजे तक


मतदान शुरू होने से पहले मतदाताओं की लगी लंबी कतारें 
सूत्रों के अनुसार, अररिया में लोकसभा की एक सीट के साथ ही जहानाबाद एवं भभुआ में विधानसभा की एक-एक सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होने से पूर्व ही मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई। उपचुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए अररिया में 2143 तथा जहानाबाद में 357 और भभुआ में 326 मतदान केंद्र बनाये गए हैं।

14 मार्च को होगी मतगणना 
वहीं, निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 281 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) के माध्यम से चुनाव करवाया जा रहा है। मतदाता शाम पांच बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। अररिया सीट के लिए 1737471, भभुआ सीट के लिए 258789 और जहानाबाद सीट के लिए कुल 286105 मतदाता चुनावी अखाड़े में उतरे कुल 38 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतगणना 14 मार्च को होगी। 

अररिया में सात उम्मीदवारों के बीच होगा मुकाबला 
अररिया लोकसभा सीट पर कुल सात उम्मीदवारों के बीच जोर आजमाइश है लेकिन मुख्य मुकाबला पूर्व सांसद मोहम्मद तस्लीमुद्दीन के पुत्र और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की टिकट पर चुनाव लड़ रहे मोहम्मद सरफराज आलम और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदीप सिंह के बीच है। जोकीहाट से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के विधायक रहे मो. आलम हाल ही में राजद में शामिल हुए हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मोहम्मद तस्लीमुद्दीन ने भाजपा के प्रदीप सिंह को हराया था। मो. तस्लीमुद्दीन का निधन हो जाने के कारण अररिया लोकसभा सीट पर उपचुनाव करवाया जा रहा है।

जहानाबाद में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में 
वहीं, राजद विधायक रहे मुंद्रिका सिंह यादव के निधन के कारण रिक्त हुई जहानाबाद विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के दंगल में यादव के पुत्र सुदय यादव और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी अभिराम शर्मा आमने-सामने हैं। सुदय यादव राजद की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि पहले उप चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा कर चुके जदयू ने बाद में भाजपा के आग्रह पर शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर तीन महिला समेत कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।

भभुआ में कुल 17 उम्मीदवार आजमाएंगे अपना भाग्य
भभुआ विधानसभा सीट पर सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी रिंकी पांडेय और कांग्रेस के शंभू सिंह पटेल के बीच है जबकि तीन महिला समेत कुल 17 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमाने के लिए मैदान में हैं। श्रीमती पांडेय के पति और भाजपा विधायक रहे आनंद भूषण पांडेय के निधन के कारण यह सीट खाली हुई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News