भारतीय सेना की मदद को तैयार अमरीका, की ये पेशकश

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2017 - 05:22 PM (IST)

वॉशिंगटनः अमरीका के एक शीर्ष कमांडर ने भारत को उसकी सेना के आधुनिकीकरण में अमरीकी मदद की पेशकश करते हुए कहा है कि वे मिलकर भारत की सैन्य क्षमताओं को महत्वपूर्ण और सार्थक तरीके से बेहतर कर सकते हैं। पिछले एक दशक में अमरीका और भारत के बीच रक्षा व्यापार करीब 15 अरब डॉलर पहुंच गया है और अगले कुछ साल में यह और रफ्तार पकड़ सकता है।

भारत वैसे भी लड़ाकू विमानों, आधुनिकतम मानवरहित वायु यानों और विमान वाहक पोतों समेत कुछ आधुनिक सैन्य संसाधनों के लिए अमरीका से अपेक्षाएं रखता है। अमरीकी प्रशांत कमान या पैकॉम के कमांडर एडमिरल हैरी हैरिस ने  कहा, ‘‘मेरा मानना है कि अमरीका भारत की सेना के आधुनिकीकरण के लिए उसकी मदद को तैयार है। भारत को अमरीका का प्रमुख रक्षा साझेदार कहा गया है। यह सामरिक घोषणा है जो भारत और अमरीका के लिए अनोखी है। यह भारत को उसी स्तर पर रखता है जिस पर हमारे कई साझेदार हैं।’’

भारत अमरीका के मजबूत संबंधों के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रयास कर रहे हैरिस ने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है और मेरा मानना है कि हम मिलकर महत्वपूर्ण और सार्थक तरीकों से भारत की सैन्य क्षमताओं को बेहतर बना सकेंगे।’’ एडमिरल ने कहा कि वह दोनों पक्षों के बीच मौजूदा रक्षा सहयोग के स्तर से बहुत खुश हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के भी समूह में शामिल होने की वकालत करते हुए कहा, ‘‘मेरा मानना है कि भारत और जापान तथा अमरीका के बीच त्रिपक्षीय संबंध महत्वपूर्ण हैं।’’

हैरिस के अनुसार भारत और अमरीका बहुत कुछ मिलकर कर सकते हैं। हिंद महासागर में भारत-अमरीका की संयुक्त नौसैनिक गश्त में शामिल होने के अमरीका के कदम के विरुद्ध भारत के निर्णय पर पूछे  प्रश्न पर हैरिस ने कहा कि वह  बिल्कुल भी निराश नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत-अमरीका संबंधों को विस्तार देना 21वीं सदी के लिए रणनीतिक साझेदारी को परिभाषित करेगा। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News