UN ने खोली पाक के झूठ की पोल !

punjabkesari.in Thursday, May 25, 2017 - 06:13 PM (IST)

संयुक्त राष्ट्रः संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तानी सेना के झूठ की पोल खोलते हुए उसके उस दावे का खंडन किया है जिसमें कहा गया था कि नियंत्रण रेखा पर उसके सैन्य पर्यवेक्षकों को भारतीय सेना ने निशाना बनाने की कोशिश की।

भारत-पाक के संघर्ष विराम उल्लंघन पर नजर रखने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने जम्मू-कश्मीर में सैन्य पर्यवेक्षकों का दल नियुक्त कर रखा है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा कि पर्यवेक्षक दल पर हमले की कोशिश का कोई सबूत नहीं मिला है।

पाकिस्तान कब्जे वाले भींबर जिले में पाकिस्तानी सेना की सुरक्षा में गश्त के दौरान पर्यवेक्षक दल को फायरिग की आवाज जरूर सुनाई दी लेकिन उसने किसी को इन गोलियों का शिकार होते नहीं देखा। गोलियों से न तो पर्यवेक्षक दल का कोई सदस्य घायल हुआ और न ही उनके वाहन को कोई नुकसान हुआ। जबकि पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ने कहा था कि संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षक दल के अधिकारियों को ले जा रहे वाहन पर नियंत्रण रेखा के नजदीक भारतीय सेना ने गोलीबारी की।

जिन अधिकारियों पर हमला हुआ वे फिलीपींस के मेजर इमैनुअल और क्रोएशिया मेजर मिरको थे। प्रवक्ता डुजारिक ने कहा, कश्मीर के हालात से हम चिंतित हैं। महासचिव गुतेरेस खुद इस मामले पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। सन 1971 के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के निर्देश पर एक पर्यवेक्षक दल भारत और पाकिस्तान की सीमा व नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम उल्लंघन के मामलों पर नजर रखता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News