शाह की ममता को चुनौती- मोदी के रथ को नहीं रोक सकती तृणमूल कांग्रेस

punjabkesari.in Tuesday, Apr 25, 2017 - 06:59 PM (IST)

सिलिगुड़ी: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि तृणमूल कांगे्रस नरेंद्र मोदी के रथ को नहीं रोक सकती और इसको रोकने के लिए पार्टी के प्रयासों के बाद भी बंगाल मेेंं कमल खिलेगा। शाह ने नक्सलबाड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस सोच सकती है कि वे मोदीजी के रथ को रोक सकते हैं लेकिन वे इसे नहीं रोक सकते। वे हमें रोकने का जितना भी प्रयास करेंगे, उतना ही कमल और खिलेगा। पश्चिम बंगाल की ममता सरकार के सोनार बंगला (सुनहरा बंगाल) की आलोचना करते हुए शाह ने कहा कि उनकी पार्टी विकास के जरिए हिंसा को मात देने में विश्वास रखती है।

तृणमूल कांग्रेस फैला रही है हिंसा
स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मैं चाहता हूं कि आप इतनी जोर से चिल्लाएं कि वह कोलकाता तक सुनाई दे। शाह ने दावा किया कि 2019 में (लोकसभा चुनाव में) पश्चिम बंगाल में भाजपा को सबसे ज्यादा सीटें मिलेंगी। देश के लोग यह देखेंगे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस हिंसा फैला रही है लेकिन अंतत: बंगाल में भाजपा की जीत पक्की है। इसे कोई नहीं रोक सकता। शाह ने कहा कि बंगाल, एक समय विकास में काफी आगे था, अब वह पिछड़ गया है।

भाजपा प्रमुख तीन दिन की यात्रा पर यहां आए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करने से पहले एक आदिवासी परिवार के घर में दोपहर का भोजन किया। शाह ने कहा कि वह 15 दिन में पांच राज्यों का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने नक्सलबाडी में अपनी हिंसक गतिविधियों की शुरूआत की थी और अब यहां से विकास तथा प्रगति की शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के तहत बंगाल जल्दी ही विकास के रास्ते पर होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News