श्रीलंका के नौसैनिकों ने किया भारतीय मछुआरों पर हमला

punjabkesari.in Thursday, Jun 22, 2017 - 03:50 PM (IST)

पुडुकोट्टाईः श्रीलंका के नौसैनिकों ने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री जलक्षेत्र में कल रात पांच भारतीय मछुआरों के एक समूह को हिरासत में लेने के बाद कथित रूप से उन पर हमला किया तथा चार अन्य मछुआरों को गिरफ्तार किया है। 

मत्स्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीलंका के उत्तरी नौसेना कमान से संबंधित फास्ट अटैक क्राफ्ट ने डेल्फ़्ट आइलैंड के समीप 4 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौकाओं को जब्त कर लिया। गिरफ्तार मछुआरे पुडुकोट्टई जिले के कोट्टापट्टिनम गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि मछुआरों को मछली मारने की सामग्रियों के साथ जाफना के मत्स्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक को सौंप दिया गया है। इस बीच रामेश्वरम के पांच मछुआरों ने श्रीलंका नौसनिकों पर उन पर हमला किए  जाने का आरोप लगाया।

उन्होंने बताया कि वे लोग कच्चाथिवु द्वीप पर कल शाम को मछलियां पकड़ रहे थे , तभी श्रीलंकाई नौसैनिकों ने बंदूक के बल पर उन्हें हिरासत में ले लिया और उन पर हमला किया। मछुआरों ने बताया कि नौका के वाइंडस्क्रीन को भी तोड़ दिया गया है और रिहा करने से पहले उनके मोबाइल फोन,नगदी आदि समान भी जब्त कर लिए। इस बीच सभी मत्स्य संगठनों के नेताओं ने मछुआरों पर हमले की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस तरह की वारदातों को रोकने के लिए श्रीलंका की सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाने का आग्रह किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News