MP उपचुनाव के लिए वोटिंग खत्म, शिवराज और सिंधिया की प्रतिष्ठा दाव पर

punjabkesari.in Saturday, Feb 24, 2018 - 08:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में अशोकनगर जिले के मुंगावली और शिवपुरी जिले के कोलारस में वोटिंग खत्म हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुंगावली में 77.05 प्रतिशत और कोलारस में 69.69 प्रतिशत वोटिंग हुई। शाम पांच बजे तक कतार में लगे लोगों को अपने मताधिकार का उपयोग करने दिया गया। मतों की गणना 28 फरवरी को की जाएगी। 

-कोलारस में 22 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला होगा, जिसमें मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन और कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव के बीच है। यहां 311 मतदान केंद्रों पर कुल दो लाख 44 हजार 456 थे। 

-मुंगावली में भाजपा ने बाईसाहब यादव और कांग्रेस ने ब्रजेंद्र सिंह यादव पर दांव खेला है। मुंगावली के 264 मतदान केंद्रों पर एक लाख 91 हजार नौ मतदाताओं में से एक लाख 47 हजार 164 ने अपने अधिकार का उपयोग किया।

-दोनों स्थानों पर वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों का इस्तेमाल हुआ। मुंगावली में 17 और कोलारस के 18 मतदान केंद्रों की खराब इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरीफिएबल पेपर आडिट ट्रेल (वीवीपेट) को बदला गया। दोनों क्षेत्रों के सभी 575 मतदान केंद्रों के लिए 3 हजार से अधिक मतदान कर्मचारी तैनात किए गए थे। 
 


दोनों पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर 
इस उपचुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। जहां भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के पहले इन सीटों पर कब्जा करना चाहती है वहीं कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News