पाकिस्तान ने 5 साल में 298 भारतीयों को दी नागरिकता

punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2017 - 03:10 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान ने पिछले पांच सालों में 298 अप्रवासी भारतीयों को अपनी नागरिकता दे दी है। आंतरिक मंत्रालय ने एक सवाल के जवाब में शनिवार को बयान जारी करते हुए यह जानकारी दी। पाकिस्तान मुस्लिम लीग के शेख रोहेल असगर ने  ने संसद में  सवाल उठाया था कि पिछले 5 सालों में कितने अप्रवासी भारतीयों को पाकिस्तानी नागरिकता दी गई है।

ट्रिब्यून एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय की ओर से 2012 में 48 लोगों को पाक की नागरिकता दी गई थी। 2013 में यह संख्या बढ़कर 75 और 2014 में 76 रही। 2015 में सबसे कम 15 वहीं 2016 में 69 और इस साल अप्रैल तक 15 भारतीयों को पाक की नागरिकता मिली है। माना जाता है कि पाकिस्तान ऐसा देश है जहां पर नागरिकता मिलना हमेशा मुश्किल रहा है। इंडिया, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और वर्मा के तमाम अप्रवासी यहां वर्षों से रह रहे हैं लेकिन उन्हें अभी तक नागरिकता नहीं मिल पाई है। 

नागरिकता को लेकर यहां एक बड़ा मामला भी प्रकाश में आया है। मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसर पाकिस्तान में एक ऐसी भारतीय महिला को भी नागरिकता दी गई जिसका नागरिकता के लिए प्रार्थना पत्र 2008 से लंबित पड़ा था। इस महिला ने पाकिस्तानी नागरिक से शादी की थी। पति की मौत के बाद उसके सौतेले बेटों ने उसे घर और संपत्ति से बेदखल कर दिया था। पिछले साल मार्च में पूर्व आंतरिक मामलों के मंत्री चौधरी निसार अली खान के आदेश पर उसे नागरिकता मिल सकी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News