ऑप्रेशन अबु दुजाना: हॉलीवुड फिल्म से मिली अंधेरे में मार गिराने की तरकीब

punjabkesari.in Thursday, Aug 03, 2017 - 12:00 PM (IST)

पुलवामा: लश्कर-ए-तैयबा के कश्मीर सरगना अबु दुजाना को सुबह होने से पहले अंधेरे में ढेर कर दिया गया और उत्तर कश्मीर में कहीं जाकर दफन कर दिया गया। इस अभियान में शामिल सुरक्षा अधिकारियों ने आेसामा बिन लादेन को मार गिराने के अमेरिकी अभियान से सीख ली। दक्षिणी-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने अंधेरे की बात को ध्यान में रखते हुए इस खूंखार आतंकी को ढेर करने का अभियान शुरू किया। यह आतंकी पहले 12 से अधिक बार सुरक्षाबलों की जद से बच निकला था।  अभियान को अंजाम देने वाले सुरक्षा अधिकारियों के दिमाग में हॉलीवुड की मशहूर फिल्म जीरो डार्क थर्टी थी और इससे उन्हें अंधेरे में अभियान को अंजाम तक पहुंचाने की तरकीब मिली। यह फिल्म अलकायदा सरगना आेसामा बिन लादेन को मार गिराने के अभियान से जुड़ी है।
PunjabKesari
आेसामा को मई, 2011 में पाकिस्तान के एेबटाबाद में मार गिराया गया था। फिल्म ने सुरक्षा अधिकारियों को यह तरकीब सुझाने में मदद की कि अभियान रात के अंधेरे में चलाना है। पुलवामा के एक मकान में दुजाना के मौजूद होने की सूचना मध्य रात्रि में आई। अधिकारियों ने कहा कि कुछ लोगों का सुझाव था कि किसी दूसरे तरह के नुकसान से बचने के लिए अंधेरा छंटने के बाद अभियान चलाया जाए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिल्म और आेसामा को पकड़े जाने की बात हमारे दिमाग में आई और हमने भोर होने का इंतजार नहीं किया। अधिकारी ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद रात में ही अभियान चलाने का फैसला किया गया और जवानों को तैनात कर दिया गया।

दुजाना की मौजूदगी के बारे में पुष्ट जानकारी को देखते हुए विशेष अभियान समूह (एसआेजी) को बुलाया गया और हकरीपुरा रवाना किया गया।  सुरक्षा बलों के अभियान में दुजाना और उसका साथी आरिफ भट्ट मारा गया। दक्षिणी कश्मीर में मारे गए दुजाना को उत्तरी कश्मीर में किसी स्थान पर दफनाया गया। एक अधिकारी ने स्थान का नाम नहीं बताते हुए कहा कि इस आतंकी को उस स्थान पर दफनाया गया है जहां विदेशी आतंकी दफन किए गए हैं।  अधिकारी ने कहा कि हमने उसे बीती रात अंधेरे में दफनाने से पहले उसके डीएनए नमूने को सुरक्षित रख लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News