गुजरात विधानसभा चुनाव: अब कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा, 'हिंदुस्तान में रहने वाले सभी लोग हिन्दू'

punjabkesari.in Monday, Nov 20, 2017 - 11:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस इस बार के गुजरात विधानसभा चुनावों में पहली दफा सॉफ्ट हिंदुत्व का झंडा बुलंद किए हुए है। इसके चलते अब उसकी पार्टी के उम्मीदवार भी खुलकर हिंदुत्व का दम भरने लगे हैं। एेसे में सूरत नगर निगम में विपक्ष नेता और सूरत की ही वराछा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रफुल्ल तोगड़िया ने कहा कि, "हिंदुस्तान में रहने वाले सभी लोग हिन्दू हैं।" 

प्रफुल्ल कांग्रेस नेता होने के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद नेता प्रवीण तोगड़िया के चचेरे भाई भी हैं। प्रफुल्ल तोगड़िया ने कहा, "हिंदुस्तान में रहने वाले सभी लोग हिन्दू हैं। हिन्दू और हिंदुस्तानी एक ही बात है। ठीक वैसे ही जैसे गुजरात में रहने वाले लोग गुजराती कहलाते हैं।" इसके साथ ही उन्होंने कहा, "राम मंदिर का दरवाजा कांग्रेस ने ही खुलवाया था।" 

हालांकि कांग्रेस की लिस्ट आने के बाद इनके ऑफिस पर हार्दिक पटेल के कार्यकर्ताओं ने खूब हंगामा किया था। सूरत के वराछा सीट पर कुल दो लाख वोटरों में से करीब डेढ़ लाख पाटीदार हैं। तोगड़िया के नाम के एलान के तुरंत बाद हार्दिक पटेल के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि कांग्रेस ने दमदार उम्मीदवार नहीं खड़ा किया।

साल 2012 में यह सीट अस्तित्व में आई और बीजेपी के उम्मीदवार किशोर कनानी लगभग बीस हजार वोटों से जीते थे। कनानी एक बार फिर से आत्मविश्वास के साथ मैदान में हैं। कनानी ने कहा कि पाटीदार समाज उनके साथ है क्योंकि वो समाज के साथ खड़े रहे हैं।

बहरहाल पाटीदार वोट किसकी झोली में जाएगा ये तो वक्त बताएगा लेकिन कांग्रेस ने जिस तरह प्रफुल्ल तोगड़िया को टिकट दिया है और तोगड़िया खुल कर हिंदुत्व की अपनी विचारधारा को जाहिर कर रहे हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News