नीतीश की विकास समीक्षा यात्रा एक घोटाला, जांच होनी चाहिए: लालू

punjabkesari.in Friday, Dec 15, 2017 - 10:38 PM (IST)

पटना: राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर उनकी विकास समीक्षा यात्रा को लेकर हमला बोला और कहा कि यह एक ‘‘घोटाला’’ है जिसमें सरकारी खजाने से करोड़ों रूपए छवि निर्माण पर खर्च किए जा रहे हैं। 

प्रसाद ने दावा किया कि यात्रा में शामिल प्रत्येक जिले के लिए 10 करोड़ रूपए सरकारी खजाने से खर्च किये जा रहे हैं। यद्यपि राज्य की सत्ताधारी जदयू ने आरोप को राजद प्रमुख लालू प्रसाद की ‘‘हताशा’’ बताते हुए खारिज कर दिया जो भ्रष्टाचार के कई मामलों में सुनवाई का सामना कर रहे हैं और एक मामले में दोषी ठहराए जा चुके हैं। प्रसाद ने मीडिया को संबोधित करते हुए ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मुहैया कराने की राज्य सरकार की परियोजना ‘जीविका’ के एक अधिकारी की ओर से जारी एक कथित आदेश की प्रतियां वितरित की।

प्रसाद ने दावा किया कि आदेश के तहत ‘‘विकास समीक्षा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की प्रत्येक सभा में चार हजार महिलाएं हिस्सा लेंगी और उनमें से प्रत्येक को यात्रा भत्ता के अलावा 75 रूपए का भुगतान किया जाएगा।’’ प्रसाद के साथ राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी भी थे। प्रसाद ने दावा किया, ‘‘यह खर्च सभाओं आदि की सुरक्षा, अधिकारियों को भत्ते, सभाओं की व्यवस्थाओं पर व्यय के अलावा है।’’ 

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह विकास समीक्षा यात्रा घोटाला बन रहा है। मुख्यमंत्री की समीक्षा यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले में कम से कम 10 करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे हैं।’’ प्रसाद ने कहा, ‘‘यदि यात्रा इतनी ही जरूरी थी तो मुख्यमंत्री को अपने साथ केवल सुरक्षा कर्मियों को ले जाना चाहिए था।’’ उन्होंने आश्चर्य जताया कि समीक्षा बैठकें राज्य की राजधानी से दूर जिलों में क्यों हो रही हैं। प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने से ‘‘महागठबंधन मजबूत होगा।’’  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News