विजय गोयल का दावा- MCD चुनाव में भाजपा को मिलेंगी 200 से ज्यादा सीटें

punjabkesari.in Thursday, Apr 20, 2017 - 06:23 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली में नगर निगमों के लिए होने वाले चुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आने के बीच केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने आज विश्वास जताया कि भाजपा नगर निगम की सत्ता में बनी रहेगी और खासी संख्या में सीटों पर कामयाबी हासिल कर वह शानदार जीत प्राप्त करेगी। यह पूछे जाने पर कि पार्टी को कितनी सीटें मिलने की संभावना है, उन्होंने कहा, ‘200 से ज्यादा’ गोयल ने नए चेहरों को मैदान में उतारने को ‘साहसी’ कदम बताया।  

केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री विजय गोयल ने कहा कि राजौरी गार्डेन उपचुनाव में आप का प्रदर्शन स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि हम एमसीडी चुनावों में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने जा रहे हैं। भाजपा एमसीडी की सत्ता में पिछले 10 साल से काबिज है। एमसीडी को 2012 में तीन हिस्सों पूर्व दिल्ली नगर निगम, दक्षिण दिल्ली नगर निगम और उत्तर दिल्ली नगर निगम में बांट दिया गया था। निगम को विभाजित किए जाने के बाद उसी साल निगम के चुनाव हुए थे और उसमें भी भाजपा को जीत मिली थी। 

भाजपा के अभी 152 पार्षद हैं लेकिन पार्टी ने किसी भी मौजूदा पार्षद को मैदान में नहीं उतारा है तथा सभी नए चेहरों को प्राथमिकता दी है। कांग्रेस और आप सहित विभिन्न प्रतिद्वंद्वी पार्टियों ने भाजपा के इस कदम को ‘सत्ता विरोधी रूझान से बचने की रणनीति’ करार दिया है वहीं भाजपा का कहना है कि यह फैसला नई पीढ़ी को मौका देने के लिए है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News