झारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा- सरकार मेरी हत्या करवाना चाहती है

punjabkesari.in Saturday, Oct 14, 2017 - 05:41 PM (IST)

रांचीः झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगया है। उन्होंने कहा है कि सरकार उनकी हत्या करवाना चाहती है। पहले वह माओवादियों के हिट लिस्ट में थे। अब सरकार के हिट लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं। 

वे रांची से लगभग 180 किलोमीटर दूर घोर नक्सल प्रभावित जिला गिरिडीह में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार हत्या के बाद शोक सभा और न्यायिक जांच बिठाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देना चाहती है।

बता दें, नक्सलियों ने अपनी वेबसाइट पर उनकी हत्या का फरमान काफी पहले जारी किया था। उसके बाद उन्हें जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। हाल ही में सरेंडर कर चुके 15 लाख रुपए के ईनामी नक्सली कुंदन पाहन ने पुलिस के सामने यह स्वीकार किया था कि तमाड़ के पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा से पहले बाबूलाल मरांडी ही उसके निशाने पर थे।

वहीं साल 2008 में गिरिडीह के ही चिलखारी नामक जगह पर बाबूलाल मरांडी के बेटे अनूप मरांडी की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। उस नरसंहार में कुल 19 लोग मारे गए थे। बाद में पता चला कि माओवादियों का मुख्य टारगेट बाबूलाल मरांडी ही थे।

आठ माह पहले झारखंड सरकार ने बाबूलाल मरांडी के जेड श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी। अब उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। हालांकि उनके इस बयान के बाद सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News