INS से लेकर 18000 फीट की ऊंचाई पर जवानों ने -25 डिग्री तापमान में किया योग

punjabkesari.in Wednesday, Jun 21, 2017 - 08:31 AM (IST)

नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आज दुनिया भर के कई हिस्सों में लोग योग कर रहे हैं। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भारी बारिश के बीच योग किया वहीं हमारी तीनों सेनाओं ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जोर-शोर से मनाया। नौसेना के जहाजों से लेकर सरहद पर हर जगह योग किया जा रहा है।

लद्दाख में जवानों ने -25 डिग्री तापमान में बर्फ के बीच योग किया, तो नौसैनिकों ने भारतीय युद्धपोत INS विक्रमादित्य पर योग अभ्यास किया। दिल्ली में नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा भी अपने नौसैनिकों के साथ योग करने पहुंचे। इस मौके पर नेवी चीफ ने कहा कि योग सेनाओं के लिए बेहद जरूरी है। एक न्यूज चैनल को उन्होंने बताया कि नौसेना के सारे स्टेशन में हर रोज योग होता है। उन्होंने कहा कि हालांकि वे खुद रोज योग नहीं कर पाते लेकिन कभी-कभी जब समय लगे तो  कर लेते हैं।
 

आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का तीसरा साल है। लखनऊ के रमाबाई पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ समेत करीब 55,000 लोगों ने योगासन किए। योग दिवस के मौके पर बारिश के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। लंदन के ट्रैफल्गर स्क्वेयर और चीन की दीवार तक योग का भव्य आयोजन किया गया। बता दें कि मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र में दिए अपने भाषण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का सुझाव दिया था। संयुक्त राष्ट्र ने 11 दिसंबर 2014 को घोषणा की थी कि 21 जून को पूरी दुनिया में योग दिवस के रूप में मनाया जाएगा। पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को देश की राजधानी नई दिल्ली में राजपथ पर धूमधाम से किया गया था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News