गुजरात: थम गया पहले चरण का चुनाव प्रचार,10 हजार कार्यकर्त्ताओं से फोन पर जुड़ेंगे PM

punjabkesari.in Friday, Dec 08, 2017 - 01:02 AM (IST)

गांधीनगर: गुजरात विधानसभा के लिए पहले चरण में 9 दिसंबर को 89 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए प्रचार वीरवार शाम 5 बजे थम गया। भाजपा के प्रचार की मुख्य कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही संभाल रखी है जबकि कांग्रेस के सबसे बड़े प्रचारक राहुल गांधी हैं। भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, चुनाव प्रभारी सह वित्त मंत्री अरुण जेतली, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, गृह मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई मंत्रियों, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहाण को भी प्रचार में लगाया है। कांग्रेस ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्रियों के अलावा युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट से भी प्रचार कराया है। इस बार चुनाव प्रचार में फिल्मी सितारों का अधिक बोलबाला नहीं है।

मोदी कार्यकर्त्ताओं से फोन पर करेंगे बात
पीएम मोदी आज ऑडियो ब्रिज कॉल सेवा के माध्यम से गुजरात भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अनुसूचित जाति के सभी मंडल अध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे। भाजपा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संवाद कार्यक्रम में समुद्र तटीय इलाकों के भाजपा के मंडल अध्यक्ष भी शामिल रहेंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के लगभग 10,000 कार्यकर्त्ता प्रत्यक्ष तौर पर हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में जिला स्तर, मंडल स्तर, शक्तिकेंद्र प्रभारी सहित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पार्टी कार्यकर्त्ता हिस्सा ले रहे हैं। इस संवाद कार्यक्रम में ओखी में आई प्राकृतिक आपदा के विषयों पर भी माननीय प्रधानमंत्री कार्यकर्त्ताओं से जानकारी लेंगे एवं इस पर चर्चा करेंगे।

भाजपा के एक नेता ने बताया कि ओखी में आई इस आपदा पर गुजरात सरकार एवं पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने अत्यंत गंभीरता पूर्वक राहत एवं बचाव के त्वरित उपायों पर कार्य किया है। उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री एक संवाद प्रिय जन-नेता हैं। वे पहले भी इस तरह के संवाद करते रहे हैं। उन्होंने दीपावली के दिन गुजरात और वाराणसी के 25,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ ऑडियो ब्रिज के माध्यम से संवाद किया था। हाल ही में उन्होंने भाजपा की महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ भी ऑडियो ब्रिज संवाद किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News