गुजरात चुनाव : 22 अक्तूबर को प्रधानमंत्री फिर जाएंगे गुजरात

punjabkesari.in Tuesday, Oct 17, 2017 - 07:06 PM (IST)

नई दिल्ली : गुजरात में आसन्न विधानसभा चुनाव के राष्ट्रीय राजनीति और 2019 के लोकसभा चुनाव पर संभावित प्रभाव को देखते हुए भाजपा शीर्ष नेतृत्व इसे काफी गंभीरता से ले रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मार्च से अपने गृह राज्य का 10 बार से अधिक दौरा कर चुके हैं और एक बार फिर उनका 22 अक्तूबर को गुजरात जाने का कार्यक्रम है।

प्रधानमंत्री ने कल कहा था कि ‘‘ मैं 22 तारीख (अक्तूबर) को फिर से अपने ड्रीम प्रोजेक्ट गोगा-दाहेज रोरो फेरी सर्विस का उद्घाटन करने आ रहा हूं।’’ दरअसल पिछले करीब 15 वर्ष में राज्य में पहली बार भाजपा गुजरात में चुनाव नरेन्द्र मोदी के बिना लड़ रही है जो 2014 में देश के प्रधानमंत्री बन चुके हैं। गुजरात में ऐसे राजनीतिक हालात बने हैं कि भाजपा के समक्ष गंभीर चुनौती संभावित है।

कांग्रेस उठा रही गुजरात मॉडल पर सवाल
इन्हीं परिस्थितयों में प्रधानमंत्री मोदी लगातार अपने गृह राज्य गुजरात का दौरा कर रहे हैं। मोदी की गुजरात यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब कांग्रेस खास तौर पर राहुल गांधी भाजपा के गुजरात मॉडल पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष भी कई बार गुजरात की यात्रा कर चुके हैं। राहुल गांधी भाजपा और प्रधानमंत्री के विकास के दावे पर तंज कसते हुए कहते रहे हैं कि विकास पागल हो गया है। ऐसे में नरेंद्र मोदी के बार-बार राज्य में दौरे से भाजपा माहौल को अभी से अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि गुजरात की जनता विकास के महत्व को समझती है और कांग्रेस के झांसे में नहीं आने वाली है। उत्तर प्रदेश का चुनाव परिणाम उदाहरण है कि किस प्रकार अब लोग विकास के महत्व को समझने लगे हैं।

इस साल 10 बार गुजरात दौरे पर जा चुके हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस वर्ष 8 मार्च को गुजरात के दौरे पर गए थे जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सरपंचों को संबोधित किया था। इसके बाद वे 7 अप्रैल को बोटाड में एक समारोह में हिस्सा लेने गए थे। 16-17 अप्रैल को मोदी सूरत में एक अस्पताल और पशुओं के चारा उत्पादन का संयंत्र का उद्घाटन करने गए थे। 22 मई को प्रधानमंत्री कांडला पोर्ट पर एक समारोह में हिस्सा लेने गए थे और जून के अंत में वे दो दिवसीय दौरे पर गुजरात गए थे। जुलाई में प्रधानमंत्री बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने वहां गए थे जबकि अगस्त में उन्होंने नर्मदा महोत्सव में हिस्सा लिया था।

मोदी 4 सितंबर को जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन की नींव रखी थी। इसके बाद, 17 सितंबर को वे अपने जन्मदिन पर भी राज्य में थे। 7 अक्टूबर को वे दो दिन के गुजरात दौरे पर पहुंचे थे। तब उन्होंने राजकोट, वडनगर और गांधीनगर में विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं की नींव रखी थी। कुछ परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया था। प्रधानमंत्री 8 अक्टूबर को अपने गांव वडनगर भी गए थे और आसपास के इलाके में रोड शो भी किया था। प्रधानमंत्री ने 16 अक्तूबर को गांधीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री अब 22 अक्तूबर को गुजरात के दौरे पर जाने वाले हैं।

फेरी सर्विस का शिलान्यास किया था, अब करूंगा उद्घाटन: मोदी
उन्होंने कल कहा था कि जब मैं छोटा था और स्कूल में पढ़ रहा था तो मैंने कांग्रेस की सरकार के मुख्यमंत्री को बोलते हुए सुना था कि फेरी सर्विस बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए पता किया तो पता चला कि सिर्फ बयान ही हुआ काम नहीं। उन्होंने कहा था कि मैंने इसका शिलान्यास किया और अब उद्घाटन करने जा रहा हूं, इसका मुझे गर्व है।

उन्होंने कहा था कि हिंदुस्तान के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जो रास्ता तय करने में 8 घंटे लगते थे वो अब समुद्र के रास्ते सिर्फ एक-दो घंटे में ही तय हो सकेगा-इससे हिंदुस्तान  का तेल बचेगा, पर्यावरण बचेगा और देश का भला होगा।

उल्लेखनीय है कि गुजरात में भाजपा करीब 18 वर्षो से सत्ता में है, ऐसे में सरकार के विरोध में लोगों के रुख होने की आशंका और कुछ समय से राज्य में चल रहे पाटीदार आंदोलन के मद्देनजर भाजपा कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News