गायब ''सुखोई'' के बारे में पूछने पर भड़का चीन, भारत को दी ''नसीहत''

punjabkesari.in Wednesday, May 24, 2017 - 03:39 PM (IST)

बीजिंग: चीन ने आज कहा कि उसके पास भारतीय वायुसेना के लापता सुखोई लड़ाकू विमान के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस विमान में दो पायलट सवार थे। साथ ही चीन ने कहा कि वह दो पक्षों के बीच शांति कायम करने के लिए बनी व्यवस्था का पालन करे।

चीन ने भारत को चेताया
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग से लापता सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के बारे में पूछा गया था, साथ ही यह भी पूछा गया था कि क्या चीन लापता विमान को खेाजने में भारत की मदद करेगा, तो उन्होंने कहा, ‘‘जिस स्थिति का आपने जिक्र किया है, उसके संबंध में मेरे पास फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।’’ लगभग 24 घंटे पहले सुखोई विमान ने असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी थी। तब से लड़ाकू विमान लापता है। लू ने कहा, ‘‘दक्षिण तिब्बत (अरूणाचल प्रदेश) में स्थिति पर हम करीब से नजर रख रहे हैं।’’ उन्होंने यह उन खबरों के संदर्भ में कहा जिनमें बताया गया था कि विमान लापता होने से पहले उसी क्षेत्र में उड़ान भर रहा था।’’  इसके साथ ही उन्होंने भारत और चीन के बीच सीमा विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि ‘‘सबसे पहले तो चीन, भारत-चीन सीमा के पूर्वी क्षेत्र में अपने रूख पर स्पष्ट रूप से कायम है।’’ लू कांगने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि भारत दोनों पक्षों के बीच सीमांत क्षेत्रों में शांति और स्थिरता कायम करने के लिए बनी व्यवस्थाओं का पालन करेगा।’’

इसलिए भारत ने चिढ़ा है चीन
चीन की यह बेहद रूखी प्रतिक्रिया दोनों देशों के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर बढ़ रहे मतभेदों के बीच आई है। इसमें से एक मुद्दा तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा के अरूणाचल प्रदेश दौरे का भी है। गौरतलब है कि बीजिंग अरूणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत मानता है।

रूस से खरीदा गया था सुखोई
रूस से खरीदा गया सुखोई विमान वायुसेना की अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों में से है। एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले सात साल में 7 सुखोई विमान हादसे का शिकार हो चुके हैं। करीब 358 करोड़ रुपए की लागत वाला यह विमान 4.5 जेनरेशन का विमान है और इस समय दुनिया के श्रेष्ठ लड़ाकू विमानों की श्रेणी में शामिल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News