भाजपा, माकपा दार्जिलिंग में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं : ममता

punjabkesari.in Wednesday, Aug 09, 2017 - 06:23 PM (IST)

मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी भाजपा और माकपा पर दार्जिलिंग की पहाडिय़ों में अशांति फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य सरकार कभी बंगाल का बंटवारा नहीं होने देगी।   ममता ने अपने रुख को एक बार फिर से दोहराते हुए कहा, ‘‘भाजपा देश और हमारे समाज को बांटना चाहती है। वे पहाडिय़ों में हिंसा और अशांति फैलाना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दार्जिलिंग, तराई और दुआर हमारे गौरव रहे हैं। वे बंगाल के विभाजन की कोशिश कर रहे हैं। हम कभी भी विभाजन नहीं होने देंगे।’’ उन्होंने माकपा पर दार्जिलिंग पहाडिय़ों को लेकर ‘दोहरा मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाया और इसकी आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर भाजपा और माकपा में फर्क नहीं है।’’  ममता ने कहा, ‘‘पहाड़ी इलाके में जाकर माकपा बंगाल के विभाजन की बात करती है और मैदानी इलाकों में (चर्चा से) बहिर्गमन करते हैं। ये उनकी दोहरी चाल है।’’

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने राज्य विधानसभा में कहा था कि दार्जिलिंग पश्चिम बंगाल का हिस्सा रहा है और वह इसका विभाजन नहीं होने देंगी।’’ दार्जिलिंग में ‘अघोषित बंद’के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News