''निश्चित हार देख हताशा में नीतीश को अपमानित कर रहे लालू''

punjabkesari.in Saturday, Jun 24, 2017 - 07:38 PM (IST)

पटना: बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) लालू प्रसाद यादव पर अपने पुत्र और पार्टी नेताओं के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपमानित करने का आरोप लगाया है। पार्टी के पूर्व बिहार प्रदेश अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी मंगल पांडेय ने आज यहां कहा कि राजद और कांग्रेस के लोग राष्ट्रपति के चुनाव में अपने प्रत्याशी की सुनिश्चित पराजय देख कर हताशा में मुख्यमंत्री पर कटाक्ष कर रहे हैं। कुमार ने बिहार का सम्मान बढ़ाने के लिए यहां के राज्यपाल रहे और राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी रामनाथ कोविंद को अपने व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर समर्थन दिया है। यह राजद-कांग्रेस को पच नहीं रहा है जो महागठबंधन की आंतरिक राजनीति में मचे घमासान को भी जाहिर करता है। 

पांडेय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की चरण वंदना करने वाले लालू प्रसाद यादव के हर कदमों का समर्थन करना कांग्रेस की राजनीतिक मजबूरी है। दरअसल कांग्रेस और राजद ने मिलकर प्रदेश के दलितों को अपमानित करने की सुनियोजित योजना बनाई है। कांग्रेस और लालू प्रसाद यादव को जब बिहार के दलित को कुछ करने का अवसर था तो उसे ठेंगा दिखाया अब जब कुछ मिलने को दिखाई नहीं पड़ रहा है तो दलित महिला को आगे कर महिलाओं की हितैषी होने का स्वांग रच रहे हैं।  

भाजपा नेता ने कहा कि राजद-कांग्रेस की ओछी बयानबाजी बताती है कि महागठबंधन में आंतरिक कलह सतह पर है और भानुमति की कुनबा कभी भी ढह सकता है क्योंकि महागठबंधन विचारों पर आधारित है ही नहीं इसलिए इसमें शामिल दलों के अपने-अपने सुर और अपने-अपने राग हैं। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमों स्वयं न बोल कर अपने पुत्र और पार्टी के अन्य नेताओं के माध्यम सार्वजनिक रूप से मुयमंत्री को अपमानित कर रहे हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News