शीना हत्याकांड: आरोपियों को रायगढ़ के जंगलों में ले जाया गया

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2015 - 05:03 PM (IST)

मुंबई: शीना बोरा हत्याकांड में सबूत जुटाने के लिए अपराध की कडिय़ां जोडऩे के इरादे से मुंबई पुलिस इंद्राणी मुखर्जी के पूर्व पति संजीव खन्ना और उसके चालक श्याम राय को आज रायगढ़ के जंगलों में ले गई। 

पुलिस ने कहा कि आरोपी संजीव खन्ना को खार पुलिस थाने लाया गया और बाद में उन्हें चालक के साथ पेन तहसील में जंगल में ले जाया गया। कल यहां लगातार पूछताछ के दौरान, इंद्राणी और संजीव ने अपराध के लिए एक दूसरे पर दोष मढ़ा था।  इंद्राणी के बेटे और शीना के भाई मिखाइल बोरा से कल बांद्रा के एक होटल में पूछताछ की गई थी।  

पुलिस मिखाइल के इस दावे की भी जांच कर रही है कि इंद्राणी और संजीव की 24 अप्रैल, 2012 को शीना से मुलाकात करने और उसे अपने साथ ले जाने से कुछ घंटे पहले इंद्राणी ने मिखाइल को भी कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया था। 

मिखाइल का कहना है कि जब तक वह लोग वापस आते, वह वहां से भाग निकला। शीना की इसी दिन कथित हत्या की गई थी।  इस बीच, शीना बोरा को कथित रूप से दफनाए जाने की जगह खोजने में मुंबई पुलिस की मदद करने वाले रायगढ़ जिले के एक ग्राम अधिकारी ने आज कहा कि जब उसने वर्ष 2012 में पहली बार शव देखा था तो यह बिना मांस वाला केवल कंकाल था।

हेतेवने गांव के ‘पुलिस पाटिल’ गणेश धेने ने कहा, ‘‘यह केवल कंकाल था। मांस बिल्कुल नहीं था। स्थानीय सरकारी डाक्टर इसे पोस्टमार्टम के लिए ले गए जिसके बाद इसे दफनाया गया।’’  

यह पूछे जाने पर उसे कंकाल के बारे में कैसे पता चला, धेने ने कहा, ‘‘मैं आम लेने गया था। शव सूटकेस में नहीं था। आसपास का क्षेत्र जला हुआ था।’’  एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इंद्राणी, उनके चालक श्याम राय और खन्ना से कल खार पुलिस थाने में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उन्होंने एक दूसरे पर आरोप मढ़ा। पुलिस ने कहा कि खन्ना और इंद्राणी ने पूछताछ के दौरान स्पष्ट जवाब नहीं दिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News