अमित शाह का मिशन 2019: BJP ने रखा 360 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य

punjabkesari.in Thursday, Aug 17, 2017 - 05:24 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की जिसमें उन्होंने 2019 में 360 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। बैठक में कुल 31 नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में शाह ने कहा कि 150 लोक सभा सीटें ऐसी हैं जहां भाजपा हारी थी, वहां मेहनत करने के लिए अभी से जुट जाएं। इन सीटों को लेकर प्रजेंटेशन दिया गया। 

शाह ने मजबूती से काम करने के दिए निर्देश
बैठक में शामिल होने वाले केन्द्रीय मंत्रियों में सर्वश्री रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर, धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल, जेपी नड्डा, नरेन्द्र सिंह तोमर, निर्मला सीतारमण, मनोज सिन्हा और अर्जुनराम मेघवाल शामिल थे। बैठक में पूर्व गृह सचिव एवं बिहार के आरा से भाजपा सांसद आर के सिंह भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार शाह ने मंत्रियों से उनके कामकाज का ब्यौरा मांगा, साथ ही इन मंत्रियों को भाजपा के कमजोर इलाकों में जाकर संगठन की मजबूती के लिए काम करने के निर्देश दिए हैं। 

भाजपा अध्यक्ष ने वर्ष 2019 के आम चुनावों के लिहाज से इन केंद्रीय मंत्रियों को पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, और उत्तरपूर्वी राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिये तैनात करने की योजना बनाई है। ऐसा भी माना जा रहा है कि आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों-सर्वश्री पीयूष गोयल, धर्मेन्द्र प्रधान, श्रीमती निर्मला सीतारमण, मनोज सिन्हा और अर्जुनराम मेघवाल को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार केन्द्रीय मंत्रिमंडल में रक्षा, शहरी विकास एवं गरीबी उन्मूलन, सूचना प्रसारण, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन जैसे कई अहम मंत्रालयों के लिये पूर्णकालिक मंत्री की जरूरत है जिनका प्रभार फिलहाल अन्य विभागों के मंत्री संभाल रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News