164 साल पुराना स्कूल किया गया बंद, महात्मा गांधी ने की थी यहां से पढ़ाई
punjabkesari.in Thursday, May 04, 2017 - 12:24 PM (IST)
नई दिल्लीः गुजरात सरकार ने 164 साल पुराने स्कूल को बंद करवा दिया है। स्कूल में पढ़ रहे सभी 150 छात्रों को लीविंग सर्टिफिकेट भी दे दिए गए हैं। इसी स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी पढ़ाई की थी। बता दें कि एल्फ्रेड हाई स्कूल राजकोट में है। अब स्कूल में नोटिफिकेशन जारी कर इसे बंद कर दिया गया है।
इसलिए बंद किया गया स्कूल
गुजरात सरकार ने 2016 में एक नोटिफिकेशन जारी कर ये सूचना दी थी कि इस स्कूल को महात्मा गांधी के नाम पर म्यूजियम में बदल दिया जाएगा, इसीलिए बच्चों को करनसिंझी हाई स्कूल में शिफ्ट किया जाएगा। म्यूजियम बनाने में करीब 12 करोड़ का खर्च आएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस महीने के अंत तक छात्रों और अध्यापकों को यहां से हटा दिया जाएगा।
इस स्कूल का निर्माण ब्रिटिश काल में हुआ था। यह इस क्षेत्र का पहला इंग्लिश स्कूल भी हुआ करता था। 17 अक्तूबर, 1853 में इसे स्थापित किया गया था। 1868 से इसे राजकोट हाई स्कूल के नाम से जाना जाने लगा और फिर 1907 में एलफ्रेड हाई स्कूल के नाम से। 1947 में आजादी मिलने के बाद इसका नाम 'मोहनदास गांधी हाईस्कूल' कर दिया गया। महात्मा गांध ने 1887 में 18 साल की उम्र में यहां से ग्रेजुएशन की थी।