केरल के कन्नूर में ABVP कार्यकर्ता की हत्या

punjabkesari.in Saturday, Jan 20, 2018 - 05:10 PM (IST)

नई दिल्लीः दक्षिण भारत के केरल में आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं की हत्या का सिलसिला बदस्तूर जारी है। शुक्रवार को भी एबीवीपी कार्यकर्ता श्याम प्रसाद की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से अभी तक पुलिस इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हालांकि शक के आधार पर 4 लोगों को हिरासत में जरूर लिया है।

शनिवार को कन्नूर में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने हत्या के विरोध में बंद का एेलान किया। पुलिस का कहना है कि बंद के बाद भी स्थिति नियंत्रण में है। बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने बताया कि श्याम प्रसाद का शव फिलहाल परियारम मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। शनिवार को देर शाम उनके पैतृक गांव में दाह-संस्कार किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को तीन हमलावरों ने श्याम प्रसाद का पीछा किया था। उस वक्त वह कोठुपारंबा गांव स्थित अपने घर जा रहा था। इसी बीच हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी।

सर्किल इंस्पेक्टर कुट्टीकृष्णन ने बताया कि बंद के दौरान किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के चार कार्यकर्ताओं को फिलहाल हिरासत में लिया गया है।

बताया जाता है कि बीजेपी-आरएसएस के कार्यकर्ताओं के साथ बीते हफ्ते एसडीपीआई के कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हुई थी। पुलिस श्याम प्रसाद की हत्या का तार इस घटना से जोड़कर भी देख रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News