साम्बा के सीमावर्ती गांव रक्ख अम्ब टाली में 10 वर्षीय बच्ची की चोटी कटी

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 11:35 AM (IST)

साम्बा: साम्बा के सीमावर्ती गांव रक्ख अम्ब टाली में रविवार दोपहर के समय एक 10 वर्षीय लड़की की चोटी कटने का मामला सामने आया है। लड़की की पहचान खुशी पुत्री देस राज के रूप में हुई है। परिजन बेहोशी की हालत में लड़की को जिला अस्पताल साम्बा में लाए, जहां पर डाक्टरों के उपचार के बाद इसे होश आया। जानकारी के अनुसार लड़की अपने घर की छत पर थी और अचानक शोर मचाते हुए छत से नीचे आई और डर से बेहोश हो गई। वहीं जब उसके परिजन छत पर गए तो वहां पर इसके बाल कटे हुए मिले। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल साम्बा में लेकर आ गए। 

 

अस्पताल में पीड़ित लड़की ने बताया कि उसे कुछ भी पता नहीं चला और जब उसे होश आया तो उसके बाल वहां पर पड़े हुए थे और नीचे आकर उसने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। वहीं लड़की की मां ने अस्पताल में कटे हुए बाल दिखाते हुए कहा कि उनकी बेटी रोती हुई नीचे आई तो उन्होंने सोचा कि उसको चक्कर आया होगा, परंतु जब उसके बाल कटे हुए देखे तो तुरंत छत पर गई तो वहां पर कोई भी मौजूद नहीं था।

 

 

इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी और लड़की को अस्पताल लेकर आए। वहीं मौके पर स्थानीय पुलिस भी लड़की के घर पहुंची और जांच की। बताया जा रहा है कि लकड़ी के बाल सीधी तरह से नहीं, बल्कि ऊंचे-नीचे कटे हैं। वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र में पहली घटना होने के चलते लोगों का उनके घर पर तांता लग गया था और हर कोई सहमा हुआ नजर आया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News