'लोगों के लिए दो बूंद पानी नहीं और सरकार कर रही अच्छे दिन का दावा'

punjabkesari.in Monday, Mar 12, 2018 - 10:01 AM (IST)

जम्मू: शहर के वार्ड नम्बर 64 और 68 में पेयजल समस्या को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए यूथ कांग्रेस नेता ठाकुर सिंह ने कहा कि अभी गर्मी शुरू हुई नहीं और अभी से दोनों वार्डों के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। लोगों के गले सूख रहे हैं और भाजपा अच्छे दिन का दावा कर रही है।

पार्टी कार्यालय दुर्गा नगर जम्मू में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए जम्मू-पुंछ लोकसभा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ठाकुर होशियार सिंह ने कहा कि पी.एच.ई. विभाग के अधिकारी वार्ड के लोगों की समस्या को लेकर या तो गंभीर नहीं या फिर उनमें कोई दिलचस्पी नहीं। पी.एच.ई. मंत्री चौधरी शाम लाल और स्थानीय विधायक को भी इन वार्डों के लोगों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।

लोगों के साथ सरासर नाइंसाफी है जो 21वीं सदी में भी पानी के लिए तरस रहे हैं। क्या पी.एच.ई. मंत्री चौधरी शाम लाल का नैतिक दायित्व नहीं है कि वह मंत्री पद पर रहते हुए लोगों की समस्या को दूर करें। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग और मंत्रियों के कार्यालयों का चक्कर काटते-काटते लोगों के जूते तक घिस चुके हैं। वहीं उन्होंने दोनों वार्डों में साफ-सफाई को लेकर जम्मू म्यूनिसिपैलिटी को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने कहा कि दोनों वार्डों में लोगों ने कभी भी जे.एम.सी. के किसी भी अधिकारी को फील्ड का दौरा करते नहीं देखा जिसके चलते सफाई कर्मचारी अपनी मनमानी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारी लोगों से पैसे मांगते हैं और न देने पर कचरा न उठाने की धमकी तक देते हैं। ठाकुर ने कहा कि जे.एम.सी. के कर्मचारी हड़ताल पर हैं और जम्मू म्यूनिसिपल कमिश्नर न जाने कौन-सी खुमारी में हैं। अगर जल्द सरकार ने वार्ड 64 और 68 की तरफ ध्यान नहीं दिया तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News