बच्चे ने मां के आईफोन के साथ किया कुछ एेसा, 47 साल के लिए हो गया लॉक

punjabkesari.in Thursday, Mar 08, 2018 - 10:55 AM (IST)

इंटरनैशनल डेस्कः चीन के शंघाई में फोन लॉक होने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला का आईफोन गलत पासवर्ड डालने की वजह से 25 मिलियन मिनट यानी करीब 47 साल के लिए लॉक हो गया है। चीन की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला का आईफोन उसके 2 साल के बच्चे की वजह से लॉक हुआ है। बच्चे ने मां के आईफोन में कई बार गलत पासवर्ड डाल दिया था। जब बच्चा आईफोन में गलत पासवर्ड यूज कर रहा था उस वक्त महिला घर से बाहर गई हुई थी। महिला अब भी 2 महीने से फोन को इस्तेमाल करने का इंतजार कर रही है।

चीन के शंघाई में रहने वाली महिला का नाम लू है, जिसका एक 2 साल का बच्चा है। महिला को किसी काम से कुछ वक्त के लिए घर से बाहर जाना था लेकिन बच्चे के पास कोई नहीं था। इसलिए लू ने कुछ देर के लिए अपना आईफोन बच्चे को खेलने के लिए दे दिया। इसी दौरान फोन लॉक हो गया और बच्चे ने कई बार फोन को अनलॉक करने के लिए गलत पासवर्ड डाल दिया। जब लू वापस घर लौटी और अपना फोन चेक किया तो वह हैरान रह गई। महिला को पता चला कि उसका आईफोन 25 मिलियन मिनट यानी करीब 47 साल तक के लिए लॉक हो गया है। उसने इस बात की जानकारी शंघाई के एप्पल स्टोर के टेक्निशिअन को दी, ताकि वह अपना फोन इस्तेमाल कर सके।

टेक्निशिअन ने फोन को अनलॉक करने के लिए महिला को 2 तरीके बताए। पहला यह कि फोन को फॉर्मेट किया जाए, लेकिन इसमें सभी डाटा खत्म हो जाएंगे और दूसरा तरीका यह है कि करीब 47 साल इंतजार किया जाए। वहीं टेक्निशिअन वी चूनलांग ने यह भी बताया कि इससे पहले भी 80 साल के लिए आईफोन के लॉक हो जाने का मामला सामने आया था। लू ने चीनी मीडिया को बताया कि वह 2 महीने से इस समस्या से छुटकारा पाने का इंतजार कर रही है, ताकि वह अपना फोन इस्तेमाल कर सके, लेकिन समस्या में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। बता दें कि iOS डिवाइस 6 बार गलत पासवर्ड डालने के बाद लॉक हो जाते हैं। जबकि 10 बार गलत पासवर्ड डालने से फोन का डाटा डिलीट हो जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News