जापान: फ्लैट से मिले 9 शव, बॉक्स में रखे थे कटे सिर

punjabkesari.in Tuesday, Oct 31, 2017 - 03:53 PM (IST)

टोक्यो: जापान पुलिस ने टोक्यो के एक फ्लैट से बिना सिर के 9 शव बरामद किए हैं। पुलिस ने एक निजी चैनल को बताया कि फ्लैट से 8 महिलाओं और एक आदमी का शव मिलने के बाद दक्षिण टोक्यो के जामा स्थित एक अपार्टमैंट में रहने वाले ताकाहिरो शिराइशी (27) को  गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ दौरान आरोपी  शिराइशी ने पुलिस को बताया कि ‘‘मैंने उनकी हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शवों के साथ छेड़छाड़ भी की।’’  शिराइशी ने बताया कि  बाथरूम में शवों के टुकड़े किए। 

पुलिस प्रवक्ता ने इन रिपोर्टों की पुष्टि नहीं की है। ‘जिजी प्रेस’ के अनुसार पुलिस ने अपार्टमैंट से शव बरामद करने से पहले दरवाजे पर रखे कूल बॉक्स में से 2 शवों के सिर बरामद किए थे। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने अन्य शव अपार्टमेंट में मौजूद अन्य बड़े बक्सों से बरामद किए।  दरअसल पुिल एक 23 वर्षीय लापता महिला के मामले में जांच कर रही थी।

जांच के दौरान उन्हें महिला और शिराइशी के बीच रिश्ते का पता चला। समाचार पत्र ‘सेंकेई शिंबुन’ के अनुसार महिला ने पहले ट्वीट किया था, ‘‘मैं अपने साथ आत्महत्या करने वाले की तलाश कर रही हूं।’’ एक अन्य मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिराइशी और महिला के बीच एक वेबसाइट (जिसमें आत्महत्या से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध थी) के जरिए जान पहचान हुई थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News