अमेरिका में ट्रंप युग की शुरुआत, 45वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली

punjabkesari.in Friday, Jan 20, 2017 - 10:57 PM (IST)

 वाशिंगटन : डोनाल्ड ट्रंप ने आज अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। उनके शासनकाल में नीतियों में व्यापक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।  ट्रंप (70) ने नेशनल मॉल में सर्द मौसम के बीच करीब आठ लाख लोगों के समक्ष शपथ ली।

राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने हिलेरी क्लिंटन को पराजित किया था। उन्होंने अब्राहम लिंकन की बाइबल पर हाथ रखकर पद की शपथ ली और इसके साथ ही वह उस कुर्सी पर आसीन हो गए जो दुनिया में सबसे शक्तिशाली कही जाती है।

माइक पेंस ने उप राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। उन्होंने ट्रंप से पहले शपथ ली। शपथ से पहले ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बराक आेबामा से मुलाकात की। उन्होंने आेबामा का स्थान लिया है जो 2009 में राष्ट्रपति बने थे और अपने दो कार्यकाल पूरे किए हैं।

अमेरिका में 1789 में जॉर्ज वाशिंगटन के पहले राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद से यह राष्ट्रपति पद का 58वां शपथ ग्रहण समारोह था। आेबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने व्हाइट हाउस में ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का अभिवादन किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News